सेंगर नदी में डूबने से युवक की मौत, मछली पकड़ने गया था नदी
औरैया, 09 अक्टूबर (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में फफूंद थाना क्षेत्र के जुआ गांव के पास सेंगर नदी में डूबने से 30 वर्षीय युवक की मौत हो गई। युवक गुरुवार को नदी में मछली पकड़ने गया था। शुक्रवार सुबह उसका शव नदी किनारे पड़ा मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जुआ गांव निवासी प्रेमानंद (30) गुरुवार को गांव के किनारे स्थित सेंगर नदी में मछली पकड़ने गया था। शाम तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई। उन्होंने युवक की तलाश की, लेकिन देर रात तक उसका कोई पता नहीं चल सका। शुक्रवार सुबह करीब नौ बजे ग्रामीणों ने नदी किनारे युवक का शव पड़ा देखा। इसकी सूचना पुलिस और परिजनों को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थानाध्यक्ष अजय कुमार ने बताया कि युवक की मौत के कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। मृतक अविवाहित था और मजदूरी करके अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। युवक की मौत की खबर पर परिवार के लोगों का रो-रोकर हाल-बेहाल है।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार