राजस्व अधिवक्ता एसोसिएशन 10 सूत्रीय मांगों पर अड़े, लखनऊ में हाेगा आंदोलन

 


औरैया, 06 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में राजस्व अधिवक्ता एसोसिएशन की 10 सूत्रीय मांगों को लेकर शनिवार को जिले भर की बार एसोसिएशनों की महापंचायत आयोजित हुई, जिसमें प्रशासन के रवैये की कड़ी आलोचना करते हुए आंदोलन को तेज करने का ऐलान किया गया।

महापंचायत में जिला बार एसोसिएशन, अजीतमल बार एसोसिएशन, सिविल बार एसोसिएशन बिधूना तथा तहसील बार एसोसिएशन बिधूना के पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे। सभा को संबोधित करते हुए जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष इंद्रपाल सिंह भदोरिया और महामंत्री अजय कुमार पाल ने कहा कि संगठन की 10 सूत्रीय मांगें अधिवक्ताओं और वादकारियों के हितों से जुड़ी हैं, लेकिन प्रशासन उनकी लगातार उपेक्षा कर रहा है।

उन्होंने कहा कि जिला बार तहसील स्तर के अधिवक्ताओं के संघर्ष में पूरी मजबूती के साथ साथ खड़ी है। महापंचायत में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि सोमवार को वरिष्ठ अधिवक्ताओं का एक प्रतिनिधिमंडल प्रशासनिक अधिकारियों से अंतिम वार्ता करेगा। यदि मांगों पर कोई ठोस निर्णय नहीं हुआ तो मंगलवार को जिले भर के अधिवक्ता लखनऊ कूच कर प्रदेश स्तर पर आंदोलन शुरू करेंगे।

अंत में राजस्व अधिवक्ता एसोसिएशन के अध्यक्ष सुशील कुमार पांडे और महामंत्री हरिभानु अवस्थी ने सभी बार संघों के पदाधिकारियों, वरिष्ठ एवं युवा अधिवक्ताओं का आभार व्यक्त किया। महापंचायत में अधिवक्ताओं ने एकजुट होकर संघर्ष को अंतिम परिणाम तक जारी रखने का संकल्प भी लिया।----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार