दादा-दादी के सम्मान से बच्चों में जगे संस्कार, मजबूत हुई अंतरपीढ़ीगत रिश्तों की डोर

 


मीरजापुर, 01 अक्टूबर (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय वरिष्ठ नागरिक दिवस पर गुरुवार को पहाड़ी विकासखंड के प्राथमिक विद्यालय भवरख में अंतरपीढ़ीगत जुड़ाव को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। विशेष प्रार्थना सभा में विद्यार्थियों ने वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान की प्रतिज्ञा ली। इसके बाद ‘दादा-दादी, नाना-नानी के नाम पत्र’ प्रतियोगिता, अंतरपीढ़ीगत क्विज और सांस्कृतिक गतिविधियां हुईं।

ग्रामसभा मोहनपुर भवरख निवासी वरिष्ठ नागरिक कमला शंकर सिंह को विद्यालय में अंगवस्त्र पहनाकर सम्मानित किया गया। प्रधानाध्यापक राजनाथ तिवारी ने विद्यार्थियों को वरिष्ठजनों के सम्मान और संस्कारों के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने कहा, “अभिवादनशीलस्य नित्यं वृद्धोपसेविनः, चत्वारि तस्य वर्धन्ते आयुर्विद्या यशो बलम्।” उन्होंने विद्यार्थियों को वरिष्ठजनों के अनुभवों से सीख लेने के लिए प्रेरित किया।

इस दौरान कमला शंकर सिंह ने विद्यालय परिसर में आम और आंवला के पौधे रोपे। उन्होंने विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया। क्विज और सांस्कृतिक गतिविधियों में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम में सहायक अध्यापक सुशील पांडेय, शिक्षामित्र चंद्रकला कुमारी, एजुकेटर संध्या विश्वकर्मा, रसोइया कंचन देवी, चंदा देवी, फूलपत्ती तथा अभिभावक रविंद्र कुमार, गोपी कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा