अब काफी सस्ते दर पर मिलेगा सार्वजनिक सरोकारों का भव्य मंच
गोरखपुर, 04 सितंबर (हि.स.)। गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने योगिराज बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह एवं सांस्कृतिक केंद्र को सार्वजनिक सरोकारों के लिए आर्थिक रूप से अनुकूल बना दिया है। प्राधिकरण ने प्रेक्षागृह के किराए में भारी कटौती कर इसे और जनसुलभ बना दिया है। बड़े प्रेक्षागृह (ऑडिटोरियम) के किराए में दो तिहाई से अधिक और छोटे ऑडिटोरियम के किराए में तीन चौथाई से अधिक की अभूतपूर्व कमी की गई है। इससे अब लोगों, विभिन्न संगठनों को सार्वजनिक सरोकारों का भव्य मंच काफी सस्ते दर पर मिल जाएगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर महानगर को जितनी भी सौगातें दी हैं, उनमें रामगढ़ताल क्षेत्र के सुरम्य वातावरण में सांस्कृतिक, सामाजिक और अन्य आयोजनों को व्यवस्थित मंच देने के उद्देश्य से बनवाया गया योगिराज बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह एवं सांस्कृतिक केंद्र का नाम भी प्रमुखता से शामिल है। करीब 52 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित इस ऑडिटोरियम का लोकार्पण मुख्यमंत्री योगी ने 21 मार्च 2021 को किया था। इस सांस्कृतिक केंद्र में अलग अलग क्षमता के दो सभागार हैं। बड़े ऑडिटोरियम में दो तल हैं। भव्य मंच के अलावा इसकी कुल क्षमता 1012 लोगों के बैठने की है। जबकि छोटे ऑडिटोरियम की क्षमता 275 लोगों की है। जीडीए की तरफ से पहले बड़े ऑडिटोरियम की बुकिंग (स्थिर विद्युत व्यय और जीएसटी सहित) चार लाख 13 हजार रुपये के किराए में की जाती थी। इसी तरह छोटा ऑडिटोरियम बुक कराने वाले को एक लाख 29 हजार 800 रुपये किराया देना पड़ता था।
जीडीए के उपाध्यक्ष अभिनव गोपाल के अनुसार प्रेक्षागृह के किराए को लेकर गत दिनों हुई बोर्ड की बैठक में जनहित में बड़ा और महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। जीडीए बोर्ड ने किराए में भारी संशोधन प्रस्ताव को मंजूर कर लिया है। लिए गए निर्णय के अनुसार अब योगिराज बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह एवं सांस्कृतिक केंद्र के बड़े ऑडिटोरियम की बुकिंग एक लाख 29 हजार 800 रुपये और छोटे ऑडिटोरियम की बुकिंग 47 हजार 200 रुपये में होगी। इसमें विद्युत व्यय और जीएसटी के मद में ली जाने वाली धनराशि भी शामिल होगी। यही नहीं, अब बड़े ऑडिटोरियम की बुकिंग के लिए जमानत अग्रिम राशि भी दो लाख से घटाकर 50 हजार और छोटे ऑडिटोरियम की एक लाख से कम कर 20 हजार रुपये कर दी गई है।
जीडीए उपाध्यक्ष का कहना है कि दोनों तरह के ऑडिटोरियम के किराए में भारी कमी से अब इसके बुकिंग की संख्या बढ़ेगी। इससे आमजन और विभिन्न संगठनों को उनके कार्यक्रम आयोजन में आर्थिक रूप से बड़ी सहूलियत मिलेगी। साथ ही, बुकिंग संख्या बढ़ने से जीडीए पर प्रेक्षागृह के अनुरक्षण पर पड़ने वाले व्यय भार में भी राहत मिल जाएगी।
अब प्रेक्षागृह के प्रथम तल के दो हाल भी होंगे आवंटित
जीडीए उपाध्यक्ष के अनुसार योगिराज बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह एवं सांस्कृतिक केंद्र के प्रथम तल पर दो हाल भी निर्मित हैं। पर, अभी तक इनका किराए पर आवंटन नहीं होता था। अब इन हाल की भी बुकिंग की जाएगी। दोनों हाल में से प्रत्येक की बुकिंग 29 हजार 500 रुपये (स्थिर विद्युत व्यय एवं जीएसटी सहित) की दर से की जाएगी। जबकि प्रेक्षागृह परिसर के लॉन की बुकिंग के लिए 17 हजार 700 रुपये का किराया तय किया गया है।
बड़ा हाल (क्षमता 1012)
-पहले किराया (जीएसटी व अन्य स्थिर व्यय सहित) चार लाख 13 हजार रुपये
-अब किराया (जीएसटी व अन्य स्थिर व्यय सहित) एक लाख 29 हजार 800 रुपये
छोटा हाल (क्षमता 275)
-पहले किराया (जीएसटी व अन्य स्थिर व्यय सहित) दो लाख 24 हजार 200
-अब किराया (जीएसटी व अन्य स्थिर व्यय सहित) 47 हजार 200
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय