बरसात से पहले खुला राहत का रास्ता, झिलवां-बड़ौला नाले की शुरू हुई सफाई
मीरजापुर, 07 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जिले में वर्षों से बारिश आते ही खेतों में जलभराव और फसलों के नुकसान की मार झेल रहे जमालपुर क्षेत्र के किसानों के लिए राहत भरी खबर है। क्षेत्रीय विधायक अनुराग सिंह की पहल पर रेलवे पुल के पास स्थित झिलवां-बड़ौला नाले की सफाई और खुदाई का कार्य रविवार से शुरू हो गया। किसानों का मानना है कि इस बार बरसात में बाढ़ का पानी खेतों तक नहीं पहुंचेगा और उनकी मेहनत की फसल सुरक्षित रहेगी।
बंधी डिवीजन, वाराणसी की ओर से पोकलेन मशीन लगाकर नाले की सफाई का अभियान शुरू किया गया है। लंबे समय से नाले में झाड़-झंखाड़, पेड़-पौधे और मिट्टी जमा होने के कारण बारिश का पानी आगे नहीं बढ़ पाता था। नतीजा यह होता था कि पानी खेतों में फैलकर सैकड़ों बीघे फसल को बर्बाद कर देता था।
नाले की सफाई शुरू होते ही मदरां, शाहपुर माफी, जोगवा, डोमरी, पकरी मठना, मीरपुर, कैमारसूलपुर, हरिहरपुर, नरहां, तेतरिया कला और वरीसलाहपुर समेत दर्जनों गांवों के किसानों के चेहरे खिल उठे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि वर्षों बाद उनकी समस्या का स्थायी समाधान होता दिखाई दे रहा है।
किसान मोतीलाल सिंह, ज्योति उपाध्याय और हिमांशु मिश्रा ने बताया कि बरसात के दिनों में नाले का पानी खेतों में भर जाने से धान और अन्य फसलें डूबकर नष्ट हो जाती थीं। अब समय रहते सफाई होने से पानी आसानी से निकलेगा और फसलों को नुकसान नहीं होगा।
विधायक अनुराग सिंह ने कहा कि किसानों की समस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकता है। नाले की सफाई से क्षेत्र के हजारों किसानों को सीधा लाभ मिलेगा और बरसात के मौसम में जलभराव की समस्या काफी हद तक खत्म होगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा