बाढ़ में आवागमन की समस्या से मिलेगी राहत, हलिया में छह उच्च पुल बनाने की मांग

 




मीरजापुर, 21 अगस्त (हि.स.)। बारिश और बाढ़ के दौरान नदी-नालों में पानी बढ़ने से हलिया क्षेत्र के ग्रामीणों को होने वाली आवागमन की परेशानी से निजात दिलाने के लिए छह उच्च पुलों के निर्माण की पहल की गई है। केंद्रीय राज्यमंत्री एवं मीरजापुर की सांसद अनुप्रिया पटेल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र भेजकर जनहित में इन स्थानों पर नदी तल से ऊंचाई पर पुलों के निर्माण के लिए संबंधित विभाग को आवश्यक निर्देश देने का अनुरोध किया है।

मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में केंद्रीय राज्यमंत्री ने बताया कि मीरजापुर संसदीय क्षेत्र के भ्रमण के दौरान हलिया विकासखंड के ग्रामीणों ने नदी-नालों पर पुल नहीं होने से होने वाली समस्याओं से उन्हें अवगत कराया था। बारिश और बाढ़ के समय कई स्थानों पर आवागमन बाधित हो जाता है। इससे ग्रामीणों के साथ किसानों को भी कृषि कार्य के लिए ट्रैक्टर व अन्य साधन ले जाने में परेशानी होती है।

उन्होंने पत्र में छह स्थानों को चिन्हित करते हुए उच्च पुल निर्माण का प्रस्ताव रखा है। इनमें केहंजुआ नाला पर टकिया घाट, ग्राम गुरगी, अदवा नदी पर पुराने थाने के सामने हलिया, घघवा नाला पर टिटिहिरिया घाट पावर हाउस के पास ग्राम देवरी, सिकरार नाला पर बरौंधा-कोटा मार्ग में महाराजगंज के पास, बहुलवा नाला पर ग्राम पिडरिया में मध्य प्रदेश-उत्तर प्रदेश सीमा तथा लोनमटी नाला पर भटवारी-गुर्गी मार्ग में ग्राम बड़ौही के पास उच्च पुल का निर्माण शामिल है।

केंद्रीय राज्यमंत्री ने मुख्यमंत्री से इन स्थानों पर नदी तल से ऊंचाई पर पुल निर्माण के लिए संबंधित विभाग को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देने का आग्रह किया है। पुलों के निर्माण से बारिश और बाढ़ के दौरान आवागमन बाधित होने की समस्या कम होगी और क्षेत्र के ग्रामीणों व किसानों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा