पुलिस की सक्रियता से महिला को मिला खोया बैग, जेवर व मोबाइल लौटाए

 


मीरजापुर, 02 मार्च (हि.स.)। होली के मौके पर सोमवार को घर जा रही एक महिला का जेवर व मोबाइल से भरा बैग खो गया, जिसे राजगढ़ पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए खोजकर महिला को वापस लौटा दिया। सामान मिलने पर महिला ने राहत की सांस ली और पुलिस की सराहना की।

राजगढ़ थाना क्षेत्र के सेमरी सरसो गांव की निवासी गुंजा देवी सिंगरौली में रहती हैं। होली के त्योहार पर वह अपने घर लौट रही थीं। सिंगरौली से बस द्वारा नदिहार बाजार पहुंचने के बाद वह ऑटो से अपने गांव सरसो जा रही थीं, तभी रास्ते में उनका बैग कहीं खो गया।

बैग खोने से महिला घबरा गई और रोते-बिलखते हुए उसे तलाशते हुए वापस नदिहार बाजार पहुंची। वहां ड्यूटी पर तैनात हेड कांस्टेबल रणजीत सिंह को अपनी समस्या बताई। महिला ने बताया कि बैग में सोने-चांदी के जेवर और मोबाइल फोन रखा है।

शिकायत मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई और तलाश शुरू कर दी। लगभग एक घंटे की मेहनत के बाद हेड कांस्टेबल रणजीत सिंह ने जेवर व मोबाइल सहित बैग खोजकर महिला को सौंप दिया। सामान मिलने पर महिला ने पुलिस का धन्यवाद किया और अपने घर चली गई। पुलिस की इस सक्रियता की क्षेत्र के लोग भी सराहना कर रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा