श्रमिक दिवस पर मीरजापुर में 150 से अधिक श्रमिकों को मिला योजनाओं का लाभ
मीरजापुर, 01 मई (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय श्रमिक दिवस पर शुक्रवार को श्रम विभाग के तत्वावधान में जिला पंचायत सभागार में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार एवं मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस दौरान 150 से अधिक श्रमिकों ने भाग लेकर योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।
कार्यक्रम की शुरुआत में श्रमिकों को उनके अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक किया गया। सहायक श्रम आयुक्त सतीश कुमार ने श्रमिकों के लिए संचालित विभिन्न सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी देते हुए आवेदन प्रक्रिया और उससे मिलने वाले लाभों पर प्रकाश डाला।
उन्होंने अंतरराष्ट्रीय श्रमिक दिवस के महत्व को बताते हुए श्रमिकों से अपील की कि वे अपना श्रम पंजीकरण अवश्य कराएं, ताकि शिक्षा, स्वास्थ्य, बीमा, पेंशन और आवास जैसी योजनाओं का पूरा लाभ मिल सके। साथ ही सुरक्षित कार्य वातावरण, न्यूनतम मजदूरी, निर्धारित कार्य समय तथा महिला और बाल श्रमिकों के अधिकारों के बारे में भी जागरूक किया गया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी एवं श्रम विभाग के अधिकारियों द्वारा पात्र श्रमिकों को मातृत्व शिशु एवं बालिका मदद योजना, कन्या विवाह सहायता योजना तथा निर्माण कामगार मृत्यु व दिव्यांग सहायता योजना के अंतर्गत लाभ प्रदान कर सम्मानित किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा