राधा-कृष्ण और शिव-पार्वती संग मनी रंगभरी एकादशी, उड़ा अबीर-गुलाल
- अबीर-गुलाल से सराबोर हुआ ड्रमंडगंज
मीरजापुर, 27 फ़रवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मीरजापुर के ड्रमंडगंज क्षेत्र में शुक्रवार को रंगभरी एकादशी उल्लास और भक्ति भाव के साथ मनाई गई। प्रभातफेरी के दौरान जमकर अबीर-गुलाल उड़ाया गया और पूरे क्षेत्र में होली के आगाज की धूम दिखाई दी।
सुबह करीब छह बजे श्रीरामलीला मैदान स्थित शिव-पार्वती मंदिर पर एकादशी समिति के सदस्य एकत्रित हुए। यहां विधि-विधान से पूजन-आरती के बाद प्रभातफेरी की शुरुआत हुई। प्रभातफेरी में राधा-कृष्ण और शिव-पार्वती की झांकी भक्तों के आकर्षण का केंद्र रही।
भजन-कीर्तन के साथ श्रद्धालु एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाते हुए आगे बढ़ते रहे। देखते ही देखते प्रभातफेरी में भक्तों का जनसैलाब उमड़ पड़ा। मार्ग में पड़ने वाले विभिन्न मंदिरों में रुककर श्रद्धालुओं ने पूजन-अर्चन कर सुख-समृद्धि की कामना की।
सेवटी नदी तट स्थित मां दुर्गा मंदिर और रामलीला मैदान के शिव मंदिर परिसर में भक्तों ने जमकर नृत्य किया। पूरे क्षेत्र में उत्सव का माहौल रहा। इस अवसर पर देवहट प्रधान कौशलेन्द्र गुप्ता, कल्याण दास केशरी, लवकुश केशरी, अनुज केशरी, विजय पाल, ताड़केश्वर ज्ञानदास, रामायण, सुरेन्द्र कुमार, हजारी लाल केशरी सहित सैकड़ों बाजारवासी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा