मीरजापुर: 27 अक्टूबर से सजेगा रामलीला का मंच, जीवंत होगी प्राचीन परंपरा

 


मीरजापुर, 08 अक्टूबर (हि.स.)।

धार्मिक नगरी विंध्याचल में श्री विंध्य प्राचीन रामलीला कमेटी की ओर से 27 अक्टूबर से पांच नवंबर तक रामलीला का मंचन किया जाएगा। आयोजन की तैयारियों को लेकर गुरुवार को आदित्य वाटिका में कमेटी के मंत्री आदर्श उपाध्याय के नेतृत्व में बैठक हुई।

बैठक में तय किया गया कि पिछले वर्षों की तरह इस बार भी रामलीला का मंचन डिजिटल टीवी स्क्रीन के माध्यम से दिखाया जाएगा। साथ ही कार्यक्रम का लाइव प्रसारण भी किया जाएगा।

रामलीला की शुरुआत मुकुट पूजन के साथ होगी। कमेटी पदाधिकारियों के अनुसार आयोजन में प्राचीन परंपराओं का निर्वहन किया जाएगा।

बैठक में कमल मिश्रा, प्रशांत द्विवेदी, रामेश्वर त्रिपाठी, शिखर गिरि, विक्रम मिश्रा, देवी दीक्षित, उत्सव पांडेय, धीरेन्द्र पांडेय और अमन सिंह समेत कमेटी के पदाधिकारी व सदस्य मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा