रामनगर तहसील बार एसोसिएशन का कार्यकाल पूर्ण, पदाधिकारियों का इस्तीफा

 


बाराबंकी, 30 मार्च (हि.स.)। बाराबंकी की रामनगर तहसील बार एसोसिएशन का कार्यकाल पूर्ण होने पर सोमवार को आमसभा की बैठक आयोजित की गई। बैठक में वर्तमान पदाधिकारियाें ने अपना कार्यकाल पूरा होने के बाद औपचारिक रूप से इस्तीफा दे दिया। इस दौरान कमेटी की तरफ से महामंत्री सुरेश चंद्र मिश्रा ने बीते कार्यकाल का आय-व्यय ब्यौरा सदन के समक्ष प्रस्तुत किया गया। अफसरों की मनमानी का मुद्दा भी आम सभा में छाया रहा।

बैठक में सभी अधिवक्ताओं ने विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा करते हुए संगठन की गतिविधियों और आगामी चुनाव की प्रक्रिया पर विचार-विमर्श किया और तहसील के अफसरों की वर्ष पर्यंत की गई मनमानी पर भी विचार व्यक्त किए गए। बार एसोसिएशन के नए पदाधिकारियों के चुनाव की जिम्मेदारी एल्डर्स कमेटी के अध्यक्ष राकेश कांत मिश्रा को दी गई है। उनके नेतृत्व में जल्द ही चुनाव कार्यक्रम घोषित किया जाएगा और अधिवक्ताओं का वार्षिक शुल्क जमाकर वोटर लिस्ट फाइनल की जाएगी फिर तय प्रक्रिया के अनुसार मतदान कराकर नई कार्यकारिणी का गठन किया जाएगा। बैठक में बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे और सभी ने शांतिपूर्ण व निष्पक्ष चुनाव कराने पर सहमति जताई।

इस अवसर पर अध्य्क्ष अनिल दीक्षित,पूर्व अध्यक्ष शिव प्रकाश अवस्थी,पूर्व महामंत्री प्रद्युम्न कुमार बाजपेई, सुरेश त्रिपाठी,राम कुमार सोनी,चैतन्य नारायण,राम प्रकाश ,कमल तिवारी ,लव पाठक,गिरजेश शुक्ला , उत्तम सिंह , मान सिंह ,अनिल सिंह आदि अधिक्ताओं ने विचार व्यक्त किए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज कुमार चतुवेर्दी