बारिश में बहा संपर्क मार्ग, स्कूली बच्चों की राह बनी जानलेवा
मीरजापुर, 07 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मीरजापुर में मड़िहान तहसील के पटेहरा ब्लॉक अंतर्गत बभनी थपनवा गांव में गुरुवार की तेज बारिश ने गांव का संपर्क मार्ग बहा दिया। मार्ग टूटने से पूरे गांव का आवागमन प्रभावित हो गया। सबसे अधिक परेशानी कंपोजिट विद्यालय के 292 छात्र-छात्राओं को उठानी पड़ रही है। शुक्रवार सुबह स्कूल जाने के दौरान बच्चों को जोखिम भरे रास्ते से गुजरना पड़ा। हालात ऐसे बने कि ग्रामीणों ने बच्चों को कंधों और हाथों का सहारा देकर सुरक्षित रास्ता पार कराया।
ग्रामीणों का आरोप है कि जिस स्थान पर सड़क बह गई, वहां लोक निर्माण विभाग ने कुछ दिन पहले ही अस्थायी मरम्मत कर खानापूर्ति की थी। पहली ही तेज बारिश में सड़क बह जाने से निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो गए हैं। गांव निवासी राकेश पांडेय और कमलेश दुबे ने बताया कि इसी मार्ग से प्रतिदिन सैकड़ों बच्चे विद्यालय आते-जाते हैं। बरसात में तेज बहाव के कारण किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है। उनका कहना है कि विभागीय लापरवाही के कारण बच्चों की जान जोखिम में है लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं किया गया।
ग्रामीणों ने प्रशासन और लोक निर्माण विभाग से क्षतिग्रस्त मार्ग का तत्काल स्थायी निर्माण कराने की मांग की है। उनका कहना है कि समय रहते मरम्मत नहीं हुई तो बरसात के दौरान गांव का संपर्क पूरी तरह कट जाएगा। अभिभावकों ने भी बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए वैकल्पिक और सुरक्षित आवागमन की व्यवस्था कराने की मांग की है। साथ ही ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि जल्द कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा