सद्भावना एक्सप्रेस में बेहतर सफाई और लिनेन वितरण की सुविधा शुरू : वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक
मुरादाबाद, 13 अगस्त (हि.स.)। उत्तर रेलवे ने आनंद विहार से सुल्तानपुर के बीच चलने वाली सद्भावना एक्सप्रेस (14014) में बेहतर सफाई और लिनेन वितरण की सुविधा शुरू कर दी है। इसमें हाई प्रेशर जेट और वैक्यूम क्लीनिंग तकनीक से सफाई की जा रही है।
उत्तर रेलवे के मुरादाबाद रेल मंडल में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव ने गुरुवार को बताया कि
नई ऑनबोर्ड हाउसकीपिंग सेवा (ओबीएचएस) और लिनेन वितरण नीति के तहत ट्रेन में सुविधाएं बढ़ाई हैं। यह व्यवस्था बीते सप्ताह आठ अगस्त से लागू कर दी गई है। सद्भावना एक्सप्रेस (14014) में बेहतर सफाई और लिनेन वितरण की सुविधा शुरू कर दी है। यह ट्रेन मुरादाबाद होकर गुजरती है, ऐसे में यहां से सफर करने वाले यात्रियों को भी इसका लाभ मिलेगा।
सीनियर डीसीएम ने बताया कि नई व्यवस्था के तहत लिनेन वितरण, कोच और शौचालयों की सफाई, कचरा निस्तारण, प्राथमिक सुरक्षा जांच, छोटी-मोटी मरम्मत और जरूरत पड़ने पर यात्रियों को तत्काल सहायता देने की जिम्मेदारी भी तय की गई है। स्लीपर कोच में यात्रियों के लिए साबुन उपलब्ध कराया जाएगा। यात्रियों का स्वागत करने और सफर के दौरान कचरा एकत्र करने के लिए पोर्टेबल उपकरणों का इस्तेमाल किया जाएगा। ट्रेन की सफाई के लिए पहली बार हाई प्रेशर जेट और वैक्यूम क्लीनिंग मशीनों का इस्तेमाल किया जाएगा। जिस एजेंसी को यह जिम्मेदारी दी गई है वह यात्रियों की शिकायतों के निस्तारण और पूरी व्यवस्था की निगरानी के लिए अलग कंट्रोल रूम भी बनाएगी। सफाई व्यवस्था की निगरानी ऑनलाइन ऐप के माध्यम से होगी। काम पूरा होने के प्रमाण के तौर पर स्थान और समय दर्ज वाली तस्वीरें भी अपलोड की जाएंगी।
सीनियर डीसीएम महेश यादव ने बताया कि
हाई प्रेशर जेट और वैक्यूम क्लीनिंग मशीनों का प्रयोग करने वाले प्रशिक्षित और सत्यापित कर्मचारियों को निर्धारित वर्दी में तैनात किया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल