फर्रुखाबाद की रेलवे रोड को बनाया जाएगा मॉडल रोड : एमएलसी मनोज अग्रवाल
फर्रुखाबाद, 29 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले की रेलवे रोड पर पुनः चूने से सड़क पर चिन्ह लगाए जाने के बाद व्यापारियों में चिंता का माहौल बन गया। स्थिति को देखते हुए व्यापारियों ने तत्काल गोपाल सिंह राठौड़ के निवास पर एक आपात बैठक बुलाई, जिसमें बड़ी संख्या में व्यापारी शामिल हुए।
बैठक में जिला उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष सदानंद शुक्ला, फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष मनोज मिश्रा, महामंत्री विमलेश मिश्रा, राजू गौतम, गोपाल सिंह राठौड़, महेंद्र भदौरिया, अरविंद गुलाटी, नितेश वर्मा सहित करीब 50 व्यापारी उपस्थित रहे। सभी ने अपनी-अपनी समस्याएं और आशंकाएं सामने रखीं।
पूर्व एमएलसी मनोज अग्रवाल ने इस संबंध में जानकारी दी कि रेलवे रोड को मॉडल रोड के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके तहत नई स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी, विभिन्न स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे स्थापित किए जाएंगे तथा पेयजल की सुविधा के लिए हैंडपंप लगाए जाएंगे। साथ ही महादेवी वर्मा मूर्ति स्थल का सौंदर्यीकरण भी कराया जाएगा। व्यापारियों ने बैठक में अतिक्रमण का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। इस पर पूर्व एमएलसी ने स्पष्ट किया कि नगर पालिका पहले व्यापारियों को चेतावनी देगी, इसके बाद चालान की कार्रवाई की जाएगी। यदि इसके बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो सामान जब्त करने की कार्रवाई भी की जाएगी।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar