रेलवे बोर्ड अध्यक्ष ने परिवार संग मां विंध्यवासिनी के दरबार में टेका मत्था, स्टेशन का भी लिया जायजा

 


मीरजापुर, 23 अगस्त (हि.स.) रेलवे बोर्ड अध्यक्ष सतीश कुमार रविवार दोपहर विंध्याचल धाम पहुंचे । उन्होंने पत्नी और पुत्र के साथ मां विंध्यवासिनी मंदिर में विधि-विधान से दर्शन-पूजन किया और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर के तीर्थ पुरोहित राजन पाठक ने अंगवस्त्र पहनाकर उनका स्वागत किया।

मां के दर्शन के बाद रेलवे बोर्ड अध्यक्ष सड़क मार्ग से विंध्याचल रेलवे स्टेशन पहुंचे। यहां उन्होंने स्टेशन परिसर का निरीक्षण करते हुए अमृत भारत योजना के तहत किए गए निर्माण और यात्री सुविधाओं का जायजा लिया।

उन्होंने सर्कुलेटिंग एरिया में मौजूद यात्रियों से बातचीत कर स्टेशन पर उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। यात्रियों से उन्होंने पूछा कि स्टेशन के विकास के बाद उन्हें यहां कैसा अनुभव हो रहा है। यात्रियों ने बताया कि नए निर्माण के बाद स्टेशन पहले की तुलना में अधिक भव्य और सुविधाजनक नजर आ रहा है।

निरीक्षण के दौरान अध्यक्ष ने रेलवे अधिकारियों को यात्री सुविधाओं को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्टेशन पर आने वाले यात्रियों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। साफ-सफाई, आवागमन और अन्य सुविधाओं को बेहतर बनाए रखने के लिए भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान रेलवे विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने स्टेशन के विकास कार्यों और यात्री सुविधाओं से संबंधित जानकारी रेलवे बोर्ड अध्यक्ष को दी।

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा