खेल भावना, टीमवर्क और आत्मविश्वास से बढ़ाएं विश्वविद्यालय का गौरव: कुलपति प्रो. राकेश कुमार

 






जौनपुर, 18 नवंबर (हि.स.)। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय में पूर्वी क्षेत्र अंतर विश्वविद्यालयीय पुरुष कबड्डी प्रतियोगिता 2026-27 का बुधवार को भव्य शुभारंभ हुआ। विश्वविद्यालय के मेजर ध्यानचंद क्रीड़ा संकुल में आयोजित चार दिवसीय प्रतियोगिता में 14 प्रदेशों के 54 विश्वविद्यालयों की टीमें हिस्सा ले रही हैं। उद्घाटन समारोह में विभिन्न विश्वविद्यालयों की टीमों ने आकर्षक मार्च पास्ट कर कुलपति को सलामी दी।

प्रतियोगिता का उद्घाटन कुलपति प्रो. राकेश कुमार सिंह ने किया। इस अवसर पर खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि कबड्डी में सफल रेड के लिए साहस और सूझबूझ, जबकि मजबूत बचाव के लिए टीम के बीच बेहतर तालमेल जरूरी है। खिलाड़ियों को हार-जीत से सीख लेते हुए अगले अंक पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए। उन्होंने खेल भावना, अनुशासन और टीमवर्क के साथ पूरे आत्मविश्वास से खेलने का आह्वान किया। कहा कि विभिन्न राज्यों से आए खिलाड़ियों को एक-दूसरे की खेल शैली से सीखने के साथ अपने प्रदर्शन से विश्वविद्यालय का गौरव बढ़ाना चाहिए।

उद्घाटन समारोह में कुलपति ने मार्च पास्ट में शामिल सभी टीमों का अभिवादन स्वीकार कर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। भारतीय विश्वविद्यालय संघ की ओर से पर्यवेक्षक के रूप में जींद विश्वविद्यालय के खेल निदेशक डॉ. नरेश कुमार उपस्थित रहे। कुलसचिव डॉ. विनोद कुमार सिंह एवं वित्त अधिकारी विनोद कुमार विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. प्रमोद कुमार यादव ने स्वागत भाषण दिया। अध्यक्षता खेलकूद परिषद के अध्यक्ष प्रो. सुधाकर सिंह ने की तथा धन्यवाद ज्ञापन परिषद के सचिव प्रो. शेखर सिंह ने किया। संचालन राजेश सिंह ने किया।

प्रतियोगिता के पहले दिन दो पूल में खेले गए मुकाबलों में खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन किया। देर शाम तक चले रोमांचक मुकाबलों में पहले पूल में बीएनएम विश्वविद्यालय, संबलपुर विश्वविद्यालय, एसजी गुरु विश्वविद्यालय, विनोबा बी. विश्वविद्यालय, पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय, मगध विश्वविद्यालय, नॉर्थ बंगाल विश्वविद्यालय और आरआईएस विश्वविद्यालय की टीमों ने जीत दर्ज की।

दूसरे पूल में एसएमके विश्वविद्यालय, मुंगेर विश्वविद्यालय, मैट्स विश्वविद्यालय, नॉर्थ लखीमपुर विश्वविद्यालय, एमएसआरबीडी विश्वविद्यालय और पूर्णिया विश्वविद्यालय सहित अन्य टीमों ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए अगले दौर में जगह बनाई। खिलाड़ियों ने आक्रामक रेड और मजबूत डिफेंस के दम पर प्रतिद्वंद्वी टीमों को चुनौती दी। दूधिया रोशनी में देर शाम तक चले मुकाबलों के दौरान दर्शकों ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।

प्रतियोगिता के सुचारु संचालन के लिए सुरेश कुमार सिंह को प्रतियोगिता प्रबंधक नियुक्त किया गया है। निर्णायक मंडल में माया राय, जेपी सिंह, अजीत कुमार, शिव मुनि, धर्मेंद्र पाल, कन्हैया यादव एवं जितेंद्र पटेल शामिल हैं।

इस अवसर पर प्रो. मनोज मिश्र, प्रो. प्रदीप कुमार, प्रो. आलोक सिंह, डॉ. राम आसरे राय, डॉ. रसिकेश, डॉ. मनीष गुप्ता, डॉ. सुनील कुमार, डॉ. दिग्विजय सिंह राठौर सहित शिक्षक, कर्मचारी और खेलप्रेमी मौजूद रहे। प्रतियोगिता 21 नवंबर तक चलेगी।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव