एग्रो इनपुट डीलर्स एसोसिएशन ने समस्याओं काे लेकर जिलाधिकारी काे साैंपा ज्ञापन
अमेठी, 27 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के अमेठी जनपद में एग्रो इनपुट डीलर्स एसोसिएशन (एआईडीए) की जिला इकाई ने व्यापारियों की विभिन्न समस्याओं को लेकर साेमवार काे गाैरीगंज कलेक्ट्रेट परिसर में धरना प्रदर्शन किया। इस दाैरान उन्हाेंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी (प्रशासनिक अधिकार) काे सौंपा।
जिलाध्यक्ष विजय कुमार शुक्ल के नेतृत्व में दिए ज्ञापन में खाद, बीज एवं कीटनाशक कारोबार से जुड़े खुदरा विक्रेताओं की प्रमुख समस्याओं के समाधान की मांग उठाई गई। इनमें उर्वरकों की डोर-स्टेप डिलीवरी सुनिश्चित करने की मांग की गई। जिलाध्यक्ष ने कहा कि वर्तमान में परिवहन का बोझ छोटे दुकानदारों पर पड़ रहा है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति प्रभावित हो रही है। इसके अलावा डीलर मार्जिन बढ़ाने की भी मांग की गई, क्योंकि बढ़ती महंगाई, किराया और बिजली बिल के बीच वर्षों से मार्जिन स्थिर बना हुआ है। संगठन ने कीटनाशक दवाओं की गुणवत्ता को लेकर भी मुद्दा उठाया और कहा कि नमूने फेल होने पर केवल खुदरा विक्रेता को जिम्मेदार ठहराना उचित नहीं है। सीलबंद उत्पादों की गुणवत्ता के लिए निर्माता कंपनियों की जवाबदेही तय की जानी चाहिए। साथ ही, ‘साथी पोर्टल’ की जटिलताओं से छोटे बीज विक्रेताओं को राहत देने की मांग की गई।
एसोसिएशन का कहना है कि इसकी अनिवार्यता केवल निर्माण कंपनियों तक सीमित होनी चाहिए, ताकि व्यापार सुगमता को बढ़ावा मिल सके।चेतावनी दी गई कि यदि समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो कृषि आपूर्ति श्रृंखला प्रभावित हो सकती है, जिससे व्यापारियों के अस्तित्व पर संकट खड़ा हो सकता है।
इस दौरान जिला महामंत्री राम किशोर त्रिवेदी, जिला उपाध्यक्ष राम किंकर त्रिपाठी, गौरव सिंह, सूबेदार सिंह, जिला कोषाध्यक्ष यतेंद्र प्रताप त्रिपाठी सहित अन्य पदाधिकारी एवं व्यापारी मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार