यूजीसी और एससी एसटी एक्ट के विरोध में भूख हड़ताल पर बैठे प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने हटाया
वाराणसी, 27 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले में वरुणा नदी स्थित शास्त्री घाट पर विश्वविद्यालय अनुदान आयोग(यूजीसी) और अनुसूचित जाति-अनुसूचित जनजाति (एससी/एसटी)एक्ट के विरोध में बीते कुछ दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे प्रदर्शनकारियों गौतम मिश्रा, बृजेश मिश्रा और सनातनी चंदन को रविवार की भोर में पुलिसकर्मियों ने हटा दिया। इसके बाद, सुबह का उजाला होने तक बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारियों के पक्ष में उनके समर्थक जुट आए। उन्होंने प्रदर्शन स्थल पर तैनात पुलिसकर्मी और पुलिस प्रशासन के विरुद्ध जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शनकारी चंदन ने कहा कि आज भोर चार बजे चोरों की भांति घसीटकर उन्हें हिरासत में ले लिया गया। भूख हड़ताल पर बैठे साथियों को भी हटाया गया और लाइट बुझा कर महिलाओं के साथ बर्बरता की गई। टेंट-पंडाल उखाड़ दिया गया। बाद में उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया।
वाराणसी कमिश्नरेट पुलिस के वरुणा जोन कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार शास्त्री घाट पर भूख हड़ताल पर बैठे गौतम मिश्रा, बृजेश मिश्रा और सनातनी चंदन को गिरफ्तार नहीं किया गया है।
मुख्य चिकित्साधिकारी वाराणसी की रिपोर्ट के आधार पर आमरण अनशन पर बैठे तीन व्यक्तियों के खराब स्वास्थ्य के दृष्टिगत उन्हें चिकित्सा के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार सुचारू रूप से चल रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / शरद