‘प्रोजेक्ट मिलन’ की पहल रंग लाई, काउंसिलिंग से 6 बिछड़े दंपति फिर हुए एक

 


मीरजापुर, 01 मार्च (हि.स.)। पारिवारिक रिश्तों में आई दूरियों को पाटने की दिशा में पुलिस का ‘प्रोजेक्ट मिलन’ असरदार साबित हो रहा है। रविवार को परिवार परामर्श केंद्र ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए काउंसिलिंग के जरिए छह बिछड़े दंपतियों को फिर से साथ रहने के लिए राजी कर लिया।

पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देशन में चलाए जा रहे इस अभियान के तहत जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों से आए दंपतियों की समस्याएं सुनी गईं। पारिवारिक विवाद, आपसी मतभेद और गलतफहमियों के कारण अलग रह रहे पति-पत्नी को समझाइश, संवाद और परामर्श के माध्यम से एक-दूसरे के प्रति विश्वास बहाल करने का प्रयास किया गया।

घंटों चली काउंसिलिंग के बाद सभी छह दंपतियों ने नई शुरुआत करने की सहमति जताई। परिजनों के चेहरे पर आई मुस्कान और साथ रहने का संकल्प इस पहल की सार्थकता बयां कर गया।

परिवार परामर्श केंद्र में हुई कार्यवाही के दौरान प्रभारी निरीक्षक अमृता सिंह, महिला आरक्षी सपना और सदस्य सुरेश जायसवाल सहित अन्य कर्मी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा