’प्राेजेक्ट मिलन’ की पहल रंग लाई, काउंसिलिंग से फिर जुड़े सात बिछड़े जोड़े
मीरजापुर, 22 फ़रवरी (हि.स.)। रिश्तों में आई दरार को पाटने की मुहिम ‘प्रोजेक्ट मिलन’ के तहत रविवार को परिवार परामर्श केन्द्र ने बड़ी सफलता हासिल की। पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत काउंसिलिंग के जरिए सात बिछड़े दम्पत्तियों को दोबारा साथ रहने के लिए राजी कर लिया गया।
जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों से आए ये दम्पत्ति पारिवारिक कलह, आपसी मतभेद और अन्य कारणों से अलग-अलग रह रहे थे। परिवार परामर्श केन्द्र में दोनों पक्षों को आमने-सामने बैठाकर संवाद कराया गया। काउंसलरों ने धैर्यपूर्वक उनकी समस्याएं सुनीं और समझाइश दी। सकारात्मक माहौल और भावनात्मक संवाद का असर यह रहा कि सातों जोड़ों ने पुराने गिले-शिकवे भुलाकर नई शुरुआत करने का फैसला किया।
केंद्र में मौजूद परिजनों के चेहरों पर भी खुशी साफ झलक रही थी। कई मामलों में छोटे विवादों ने बड़ा रूप ले लिया था, जिन्हें आपसी समझ और संवाद से सुलझा लिया गया। काउंसिलिंग प्रक्रिया के दौरान उप निरीक्षक उषा सिंह, मुख्य आरक्षी सावित्री यादव, महिला आरक्षी पिंकी तथा सदस्य कृष्णा सिंह आदि उपस्थित रहीं। पुलिस प्रशासन की इस पहल को पारिवारिक रिश्तों को बचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा