मझिगवां की बेटी प्रियंका ने रचा इतिहास, नेशनल क्रिकेट में चयन से क्षेत्र में खुशी की लहर

 


मीरजापुर, 24 दिसम्बर (हि.स.)। विकासखंड कोन क्षेत्र के मझिगवां गांव की होनहार छात्रा प्रियंका गुप्ता के नेशनल क्रिकेट में चयन होने पर क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। प्रियंका, बसंत इंटर कॉलेज की कक्षा 8 की छात्रा है और महेश कुमार गुप्ता की पुत्री हैं। उन्होंने कम उम्र में ही अपने खेल कौशल से जिले और प्रदेश का नाम रोशन किया है।

प्रियंका ने वर्ष 2023 में विद्यालय स्तर पर क्रिकेट खेलते हुए स्टेट लेवल तक पहुंच बनाई थी। इसके बाद वर्ष 2025 में स्टेट लेवल प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर नेशनल क्रिकेट टीम में अपना स्थान सुनिश्चित किया। उनकी इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार, परिजन और क्षेत्रवासियों में गर्व की अनुभूति है।

नेशनल क्रिकेट में चयन की खबर मिलते ही विद्यालय परिवार व क्षेत्र के लोगों ने प्रियंका के घर पहुंचकर माल्यार्पण किया, मिठाई खिलाई और शुभकामनाएं दीं। सभी ने उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उसे आगे भी मेहनत और लगन से खेलने के लिए प्रेरित किया। बधाई देने वालों में समाजसेवी रवि यादव, शशिकांत यादव, पृथ्वीराज सिंह, पंकज सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और शुभचिंतक शामिल रहे। प्रियंका की इस सफलता को क्षेत्र की बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत माना जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा