जन औषधि केंद्र में मिलीं 19 पेटी प्राइवेट दवाएं, जांच अधिकारी ने किया सील

 


मीरजापुर, 22 अगस्त (हि.स.)। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजगढ़ परिसर में संचालित प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र में शनिवार को जांच के दौरान 19 पेटी प्राइवेट दवाएं बरामद हुईं। जन औषधि केंद्र के अलावा सीएचसी की पुरानी बिल्डिंग के एक कमरे में भी दवाओं का भंडारण मिला। जांच अधिकारी ने बरामद दवाओं को सील कर दिया और केंद्र संचालक के खिलाफ कार्रवाई के लिए जांच रिपोर्ट उप जिलाधिकारी को भेजी है।

राजगढ़ थाना क्षेत्र के भीटी गांव निवासी रूपक दुबे ने उप जिलाधिकारी मड़िहान को प्रार्थना पत्र देकर जन औषधि केंद्र की जांच कराने की मांग की थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि जन औषधि केंद्र पर मरीजों को जन औषधि की जगह बाहर की प्राइवेट दवाएं महंगे दामों पर बेची जा रही हैं। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम ने जांच के निर्देश दिए।

शनिवार शाम करीब पांच बजे नायब तहसीलदार राहुल मिश्रा ने सीएचसी परिसर स्थित जन औषधि केंद्र का निरीक्षण किया। जांच के दौरान केंद्र में प्राइवेट दवाएं मिलीं। इसके बाद केंद्र से सटी सीएचसी की पुरानी बिल्डिंग के कमरे की भी जांच की गई। कमरे में भारी मात्रा में बाहर की दवाएं भंडारित मिलीं।

पूछताछ में जन औषधि केंद्र संचालक राहुल सिंह ने केंद्र पर प्राइवेट दवाएं रखने और बेचने की बात स्वीकार की। पुरानी बिल्डिंग में रखी दवाओं की जिम्मेदारी भी संचालक ने ली। इसके बाद जांच अधिकारी ने बरामद 19 पेटी दवाओं को कमरे में रखवाकर सील कर दिया।

नायब तहसीलदार राहुल मिश्र ने बताया कि जांच में जन औषधि केंद्र पर ऐसी 19 पेटी दवाएं मिली हैं, जिनकी बिक्री जन औषधि केंद्र पर वर्जित है। दवाओं को सील कर दिया गया है और केंद्र संचालक के खिलाफ कार्रवाई के लिए जांच आख्या एसडीएम को भेज दी गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा