जेल में आजीवन कारावास की सजा काट रहे कैदी की मौत
फिरोजाबाद, 05 सितंबर (हि.स.)। जिला कारागार में आजीवन कारावास की सजा काट रहे एक वृद्ध कैदी की बैरक के सामने टहलते समय अचानक गिरने से मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराया है। मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगा।
फिरोजाबाद जिला कारागार में शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई। जब जेल में आजीवन कारावास की सजा काट रहे कैदी हाजी वसीउद्दीन (65) निवासी मोहल्ला करीमगंज, थाना रामगढ़ अचानक अपनी बैरक के सामने टहलते समय अचानक जमीन पर गिर गए। यह देख अन्य कैदी भी घबरा गये। जेल कर्मियों ने उन्हें तत्काल उपचार के लिए सरकारी ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं। चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही परिजन भी पहुंच गए। जिनमें कोहराम मच गया। इधर पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराया है। मृतक हाजी वसीउद्दीन थाना शिकोहाबाद क्षेत्र में हुए हत्या के एक मामले में 16 जुलाई से जिला कारागार में निरुद्ध थे। न्यायालय से उन्हें इस मामले में आजीवन कारावास की सजा हुई थी। जिसके बाद उन्हें जेल भेज दिया गया था।
थाना प्रभारी ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत की स्थिति स्पष्ट होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़