अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारी तेज, गांव-गांव पहुंचेगा योग अभियान
- 15 से 21 जून तक मनाया जाएगा योग सप्ताह, जिले के 18 स्थलों पर होंगे कार्यक्रम
मीरजापुर, 03 जून (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जनपद मीरजापुर में 15 जून से 21 जून तक योग सप्ताह का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान तहसील, ब्लॉक और ग्राम पंचायत स्तर सहित जिले के 18 चयनित स्थलों पर योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित होंगे। 21 जून को होने वाले मुख्य कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार की अध्यक्षता में बैठक हुई।
बैठक में जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों और स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों को निर्देशित करते हुए कहा कि योग कार्यक्रमों को भव्य एवं जनभागीदारी आधारित बनाया जाए। उन्होंने जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी श्रीकांत रजक को निर्देश दिया कि योग सप्ताह के आयोजन के लिए उपयुक्त स्थलों का चयन कर सूची मुख्य विकास अधिकारी को उपलब्ध कराई जाए।
जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने कहा कि 15 जून को जनपद मुख्यालय, तहसील, ब्लॉक और ग्राम पंचायत स्तर पर योग सप्ताह का शुभारंभ किया जाएगा। कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों को भी आमंत्रित कर उद्घाटन कराया जाएगा। उन्होंने विभिन्न विभागों के समन्वय से योगाभ्यास कार्यक्रमों को सफल बनाने पर जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिया कि योग कार्यक्रमों से पहले ग्राम पंचायतों और नगर निकायों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाए। योगाभ्यास के लिए ऐसे स्थलों का चयन किया जाए जो ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और प्राकृतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण हों। प्रमुख नदियों, तालाबों, अमृत सरोवरों और पर्यटन स्थलों को प्राथमिकता देने को कहा गया।
मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार ने कहा कि योग सप्ताह के दौरान अधिकाधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए। जिन संस्थाओं, विद्यालयों, महाविद्यालयों, विभागों और ग्राम पंचायतों द्वारा सर्वाधिक लोगों को योगाभ्यास से जोड़ा जाएगा, उन्हें प्रोत्साहन स्वरूप प्रमाणपत्र भी प्रदान किए जाएंगे।
जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी श्रीकांत रजक ने बताया कि विभाग की ओर से 45 योग प्रशिक्षकों को मास्टर ट्रेनर के रूप में तैयार किया गया है। इसके अलावा गैर सरकारी संस्थाओं से जुड़े लोगों को भी प्रशिक्षित कर योग कार्यक्रमों में शामिल किया जाएगा। योग सप्ताह के दौरान जनपद के तहसील और ब्लॉक मुख्यालयों समेत कुल 18 स्थानों पर योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। बैठक में जिला समाज कल्याण अधिकारी रामविलास यादव, आयुर्वेद एवं यूनानी विभाग के चिकित्सक, योग प्रशिक्षक तथा विभिन्न स्वयंसेवी संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा