चैत्र नवरात्र मेले की तैयारियां तेज, चरण स्पर्श रहेगा पूरी तरह प्रतिबंधित

 


मीरजापुर, 13 मार्च (हि.स.)। आगामी चैत्र नवरात्र मेले को लेकर शुक्रवार शाम भारतीय स्टेट बैंक चौराहे स्थित प्रशासनिक भवन में श्रीविंध्य पंडा समाज, जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन की संयुक्त बैठक हुई। बैठक में मेले को सुचारु और सुरक्षित ढंग से सम्पन्न कराने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने पंडा समाज के पदाधिकारियों को अवगत कराया कि चैत्र नवरात्र मेले के दौरान मां विंध्यवासिनी मंदिर परिसर में चरण स्पर्श पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। साथ ही तीर्थ पुरोहित अपने यात्रियों को निकास द्वार से नहीं ले जाएंगे। उन्होंने कहा कि सभी तीर्थ पुरोहित निर्धारित वेशभूषा और पहचान पत्र के साथ ही अपना कार्य करेंगे। जिलाधिकारी ने कहा कि देश-प्रदेश के कोने-कोने से आने वाले श्रद्धालुओं को सुगमता से दर्शन-पूजन कराकर एक अच्छा संदेश दिया जाए, ताकि विंध्याचल धाम की प्रतिष्ठा बनी रहे। उन्होंने बताया कि पंडा समाज की ओर से कतार में खड़े श्रद्धालुओं के लिए ठंडे पेयजल की व्यवस्था भी की जाएगी।

बैठक में यह भी कहा गया कि नवरात्र के दौरान गर्मी के मौसम को देखते हुए श्रद्धालुओं की सेहत का विशेष ध्यान रखा जाएगा। किसी भी यात्री को असुविधा न हो, इसके लिए मेडिकल टीम तैनात रहेगी और पंडा समाज के लोग भी सहयोग करेंगे।

पुलिस अधीक्षक अपर्णा कौशिक ने कहा कि मेले के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जाएंगे और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी रखी जाएगी। उन्होंने पंडा समाज से पुलिस प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर कार्य करने की अपील की। पंडा समाज के अध्यक्ष पंकज द्विवेदी ने कहा कि नवरात्र के दौरान देवी दरबार में आने वाले श्रद्धालुओं का विशेष ध्यान रखा जाएगा और दर्शन-पूजन को सुगम बनाने के लिए पंडा समाज पूरी तरह सहयोग करेगा।

बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक रितेश कुमार, एडीएम वित्त, पंडा समाज के सहमंत्री प्रशांत द्विवेदी, मंदिर व्यवस्था प्रमुख गुंजन मिश्रा, प्रधान श्रृंगारिया रघुवर दयाल उपाध्याय, अनुज पांडेय, शनि दत्त पाठक, थाना प्रभारी अविनाश राय, मंदिर सुरक्षा प्रभारी उदय प्रताप, धाम चौकी प्रभारी अजय कुमार मिश्रा सहित कई अधिकारी व पंडा समाज के सदस्य उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा