सफाईकर्मी के घर प्रसव के दौरान गर्भवती की मौत,मृत पैदा हुई थी बच्ची
औरैया, 13 जून (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में दिबियापुर थाना क्षेत्र स्थित मुरली पुरवा लछियामऊ गांव में प्रसव के दौरान एक गर्भवती महिला और उसके नवजात शिशु की मौत हो गई। मृतका के परिजनों ने साै शैय्या अस्पताल चिचौली में तैनात एक सफाईकर्मी पर लापरवाही और अवैध रूप से घर पर प्रसव कराने का गंभीर आरोप लगाया है।
जानकारी के अनुसार, गांव की सपना को शनिवार प्रसव पीड़ा होने पर परिजन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) दिबियापुर लेकर जा रहे थे। आरोप है कि अस्पताल के गेट पर सफाईकर्मी रेखा ने उन्हें रोक लिया और कहा कि अस्पताल में ऑपरेशन कराने पर अधिक खर्च आएगा। उसने 10 हजार रुपये लेकर अपने घर पर सामान्य प्रसव कराने का भरोसा दिलाया। इसके बाद रेखा सपना को अपने घर ले गई, जहां उसने प्रसव कराया। प्रसव के दौरान नवजात बच्ची मृत पैदा हुई। इसके बाद सपना को लगातार रक्तस्राव होने लगा। परिजनों ने कई बार उसकी बिगड़ती हालत की जानकारी दी, लेकिन रेखा उन्हें यह कहकर आश्वस्त करती रही कि कुछ समय बाद खून बहना बंद हो जाएगा।
आरोप है कि अत्यधिक रक्तस्राव के कारण सपना की हालत लगातार बिगड़ती गई और अंततः उसकी मौत हो गई। परिजनों का कहना है कि घटना के बाद अपनी जिम्मेदारी से बचने के लिए रेखा सपना को सीएचसी दिबियापुर लेकर पहुंची, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने बताया कि दो दिन पूर्व सपना को औरैया के एक निजी अस्पताल में जांच के लिए दिखाया गया था, जहां किसी प्रकार की गंभीर समस्या नहीं बताई गई थी। सफाईकर्मी रेखा का कहना है कि प्रसव कराने के लिए परिजनों ने स्वयं उसे फोन कर बुलाया था और उनके अनुरोध पर ही उसने मदद की।
सीएचसी अधीक्षक डॉ. विजय आनंद ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि परिजन प्रसव के लिए सीएचसी आ रहे थे, लेकिन रास्ते में सफाईकर्मी उन्हें अपने घर ले गई, जहां प्रसव कराया गया। प्रसव के दौरान बच्ची मृत पैदा हुई और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण महिला की भी मृत्यु हो गई। बाद में महिला को सीएचसी लाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। उन्होंने कहा कि मामले की जांच कराई जा रही है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार