उप्र में प्री मानसून ने दी दस्तक, प्रदेश के कई हिस्सों में मेघगर्जन, आंधी-बारिश का अलर्ट

 


लखनऊ, 13 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में बीते दो दिनों से मौसम में आए बदलाव के चलते शनिवार को प्रदेश के पश्चिम से लेकर बुंदेलखंड और मध्य व पूर्वांचल तक प्री मानसून बारिश ने दस्तक दी। इस बीच तेज आंधी और तूफान भी देखने को मिला। इस बारिश से कई जगहों पर जलभराव के साथ पेड़, खंभे, यूनिपोल आदि के टूटने की भी घटनाएं सामने आई हैं। तेज आंधी और बारिश से मौसम खुशनुमा हो गया है और भीषण गर्मी से लोगों को राहत मिली।

लखनऊ मौसम विभाग के वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल सिंह ने बताया कि प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ बनने के कारण प्री मानसून ने जोर पकड़ लिया है। इसके चलते प्रदेश के सभी 75 जिलों में आज आंधी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इनमें पश्चिम और बुंदेलखंड के 16 जिलों में ओले भी गिर सकते हैं। वहीं 19 जिलों में तूफान आने की संभावना है। इसके अलावा 47 जिलों में आंधी का अलर्ट जारी किया गया है। यानि अब मानसून आने तक प्रदेश में अलग अलग जगहों पर बारिश और आंधी का सिलसिला जारी रहेगा।

आने वाले दिनों का पूर्वानुमान

प्रदेश के कई हिस्सों (जैसे लखनऊ, कानपुर) में अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस से 43 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की उम्मीद है। वहीं अगले 5 से 7 दिनों तक राज्य में व्यापक बारिश की कोई चेतावनी नहीं है। कुछ स्थानों पर छिटपुट बादल या हल्की फुहारें जरूर पड़ सकती हैं, लेकिन मुख्य राहत के लिए अभी मानसून का इंतजार करना होगा। हालांकि मानसून के अपने तय समय से आने की मौसम विभाग ने संभावना जताई है।

16 जिलों में ओले गिरने का अलर्ट

अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, जालौन, झांसी, ललितपुर और आसपास के इलाके शामिल हैं।

19 जिलों में तूफान का अलर्ट

बांदा, चित्रकूट, फतेहपुर, कानपुर देहात, कानपुर नगर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर और आसपास के इलाके में तूफान का अलर्ट जारी किया गया है।

47 जिलों में आंधी का अलर्ट

कौशांबी, प्रयागराज, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, संत रविदास नगर, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थ नगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, फर्रुखाबाद, कन्नौज, उन्नाव, लखनऊ, बाराबंकी, रायबरेली, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, कासगंज, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल, बदायूं और आसपास के इलाकेमें आंधी की आशंका जताई गई है। मौसम विभाग की माने तो इस दौरान 50-70 किमी. प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना है।

उल्लेखनीय है कि उत्तर प्रदेश में आमतौर पर मानसून जून के तीसरे या चौथे सप्ताह में दस्तक देता है। मानसून से पहले बीते दो दिनों से प्रदेश के अलग अलग हिस्सों में प्री मानसून बारिश का असर देखा जा रहा है। इस बीच तेज आंधी, मेघगर्जन और वज्रपात भी जारी रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा