ड्यूटी के दौरान गश खाकर गिरे पीआरडी जवान की मौत, मंदिर परिसर में मचा हड़कम्प
मीरजापुर, 18 अप्रैल (हि.स.)। विंध्याचल स्थित मां विंध्यवासिनी देवी मंदिर परिसर में शनिवार सुबह ड्यूटी के दौरान गश खाकर गिरे पीआरडी जवान की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद मंदिर परिसर में हड़कम्प मच गया।
चील्ह थाना क्षेत्र के रामपुर गांव निवासी 45 वर्षीय गोपाल कृष्ण दूबे मंदिर परिसर में सुरक्षा व्यवस्था में तैनात थे। शनिवार सुबह करीब 8:30 बजे वह गणेश द्वार पर ड्यूटी कर रहे थे, तभी अचानक चक्कर खाकर जमीन पर गिर पड़े। मौजूद लोगों ने तत्काल उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां हालत गंभीर होने पर मंडलीय अस्पताल रेफर किया गया। लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
सूचना पर पहुंची विंध्याचल थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर मोर्चरी भेज दिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन भी पहुंच गए। थाना प्रभारी अविनाश राय ने बताया कि ड्यूटी के दौरान जवान की तबीयत बिगड़ने से मौत हुई है। अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा