भाजपा का हर कार्यकर्ता अनुशासित, राष्ट्र प्रथम के सिद्धांत पर करते हैं कार्य: कमलेश गौतम

 


पार्टी स्थापना दिवस को लेकर भाजपा की बैठक, विभिन्न अभियानों की बनाई गई रूपरेखा

प्रयागराज, 31 मार्च (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)का हर कार्यकर्ता अनुशासित है और अनुशासन में रहकर कार्य करता है। अन्य दलों की तुलना में भाजपा कार्यकर्ताओं की कार्यशैली अलग है, क्योंकि भाजपा राष्ट्र प्रथम के सिद्धांत पर चलने वाली पार्टी है। यह बातें सिविल लाइन स्थित भाजपा कार्यालय में मंगलवार को पार्टी स्थापना दिवस (6 अप्रैल) सहित विभिन्न संगठनात्मक अभियानों को लेकर भाजपा प्रयागराज महानगर के मंडल अध्यक्षों और महानगर पदाधिकारियों की बैठक को सम्बोधित करते हुए मुख्य अतिथि भाजपा काशी क्षेत्र के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष कमलेश गौतम ने कही।

उन्होंने पार्टी स्थापना दिवस के कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए कहा कि 5, 6 व 7 अप्रैल को जिला सहित मंडल कार्यालयों को स्वदेशी विद्युत झालरों एवं स्वदेशी सजावटी सामानों से सजाया जाएगा। 6 अप्रैल को जिला कार्यालय पर पार्टी का ध्वज फहराया जाएगा, मिष्ठान वितरण होगा तथा पार्टी की विकास यात्रा पर उद्बोधन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि 6 व 7 अप्रैल को सभी कार्यकर्ता अपने घरों पर डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी व पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगे तथा अपने घरों पर पार्टी का झंडा लगाकर सेल्फी सोशल मीडिया पर पोस्ट करेंगे। बूथ स्तर पर सक्रिय व प्राथमिक सदस्यों के साथ स्थापना दिवस कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 8 व 9 अप्रैल को सक्रिय सदस्यों का सम्मेलन आयोजित किया जाएगा, जबकि 7 से 12 अप्रैल तक ग्राम व बस्ती सम्पर्क अभियान चलाया जाएगा। प्रत्येक बड़ी विधानसभा में 50 तथा छोटी विधानसभा में 30 बस्तियों में सम्पर्क कर केंद्र व प्रदेश सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी जनता तक पहुंचाई जाएगी।

भाजपा प्रयागराज महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता ने कहा कि संगठन अब पूरी तरह चुनावी मोड में आ चुका है। पार्टी स्थापना दिवस से कई महत्वपूर्ण अभियानों की शुरुआत हो रही है, जिनकी सफलता 2027 के चुनाव को लेकर बहुत अहम है। उन्होंने विश्वास जताया कि महानगर के कार्यकर्ता सभी अभियानों को सफल बनाएंगे। उन्होंने बताया कि इन अभियानों के बीच 14 अप्रैल को भारत रत्न संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती पर अंबेडकर प्रतिमा पर माल्यार्पण किया जाएगा। इसके पूर्व 13 अप्रैल की संध्या को प्रतिमा स्थल पर साफ-सफाई व दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम होगा।

बैठक का संचालन जिला महामंत्री डॉ. शैलेश पांडेय ने किया। बैठक में कुंज बिहारी मिश्रा, अनुज कुशवाहा, प्रमोद मोदी, प्रमोद सिंह, विजय श्रीवास्तव, सचिन जायसवाल, अजय सिंह, अरुण पटेल, रवि केसरवानी, दीप द्विवेदी, पवन श्रीवास्तव, विवेक मिश्रा, रामलोचन साहू, गोपाल श्रीवास्तव, कंचलता कुशवाहा, आभा भारती, वंदना शर्मा, अपूर्वा चंद्रा, सुमित वैश्य, भोला सिंह, अवनीश तिवारी, श्रवण पाल, अजय आनंद, रजत दुबे, पारस, अनिल मौर्य, मनोज श्रीवास्तव, दिग्विजय सिंह सहित विभिन्न मंडलों के मंडल अध्यक्ष उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल