प्रयागराज केशरी अरविंद ने जीता दंगल, 51 हजार की बाजी पर कब्जा

 


मीरजापुर, 26 सितंबर (हि.स.)। जिगना क्षेत्र के भिलगौर गांव स्थित शिवाला घाट पर शनिवार को भादौं पूर्णमासी समिति की ओर से कुश्ती दंगल का आयोजन किया गया। दंगल में प्रयागराज केशरी अरविंद तिवारी पहलवान ने जौनपुर के निगम पहलवान को धोबीपाट दांव से चित कर 51 हजार रुपये की बाजी जीत ली। उन्होंने दंगल चैंपियन की शील्ड पर भी कब्जा जमाया।

वाराणसी के गोपी पहलवान ने अयोध्या के बजरंगी और जिले के मुजेहरा गांव के सुरेंद्र पहलवान ने अपने प्रतिद्वंद्वी को हराकर दर्शकों की खूब वाहवाही बटोरी। मुकाबले देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग जुटे।

माता प्रसाद सिंह और राजबहादुर ने निर्णायक की भूमिका निभाई, जबकि बंटी सिंह और हेमंत सिंह ने संचालन किया। समिति अध्यक्ष केएन सिंह ने विजेता पहलवानों को अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया।

इससे पहले पिछड़ा वर्ग आयोग के उपाध्यक्ष सोहनलाल श्रीमाली ने फीता काटकर दंगल का उद्घाटन किया। जिपंस पार्थ सिंह, शिंपू सिंह, मंगला प्रसाद पांडेय, वीरेंद्र तिवारी, संदीप सिंह, बऊ सिंह और निहाल सिंह समेत समिति के पदाधिकारी व्यवस्था में जुटे रहे। अंत में मां गंगा की आरती-पूजन के साथ दंगल का समापन हुआ। परंपरागत मेले में दिनभर चहल-पहल रही।

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा