प्रयागराज समेत उत्तर प्रदेश के कई जिलों में बुधवार को गरज-चमक के साथ बारिश के आसार

 




प्रयागराज, 02 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जनपद में बुधवार को मौसम बदला हुआ रहने की संभावना है। प्रयागराज समेत प्रदेश के कई जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गयी है। कुछ क्षेत्रों में मध्यम से तेज बारिश होने की भी संभावना है। यह पूर्वानुमान बुधवार सुबह भारत मौसम विज्ञान विभाग के लखनऊ केंद्र ने जारी किया है।

मौसम विभाग ने आकाशीय बिजली को लेकर लोगों को सावधान रहने की सलाह दी है। बुधवार सुबह जारी तात्कालिक पूर्वानुमान के मुताबिक प्रयागराज समेत सोनभद्र, मीरजापुर, चंदौली, संत रविदास नगर, प्रतापगढ़, चित्रकूट, महोबा, बांदा, कौशांबी, फतेहपुर, जालौन, रायबरेली, अमेठी, झांसी, इटावा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, एटा, कासगंज, सुलतानपुर, अयोध्या, लखनऊ, बाराबंकी, फर्रुखाबाद, सीतापुर, बहराइच, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, शाहजहांपुर, लखीमपुर खीरी, बरेली, पीलीभीत, रामपुर, बदायूं, बुलंदशहर, संभल, हापुड़, अमरोहा, मुरादाबाद और मेरठ में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है।

वहीं चित्रकूट, महोबा, बांदा, कौशांबी, हमीरपुर, फतेहपुर, जालौन, रायबरेली, कानपुर नगर, झांसी, इटावा, मैनपुरी, कानपुर देहात, उन्नाव, औरैया, लखनऊ, बाराबंकी, कन्नौज, हरदोई, फर्रुखाबाद, सीतापुर, बहराइच, शाहजहांपुर, लखीमपुर खीरी, बरेली, पीलीभीत और बदायूं में कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ मध्यम से तेज बारिश की संभावना जताई गई है।

स्थानीय स्तर पर बन रहे बादलों से बारिश

चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (सीएसए), कानपुर के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में वातावरण में नमी बनी हुई है। इसके कारण स्थानीय स्तर पर बादल विकसित हो रहे हैं। प्रयागराज और आसपास के क्षेत्रों में बुधवार को गरज-चमक के साथ बारिश और कहीं-कहीं तेज बौछारें पड़ सकती हैं। उन्होंने बताया कि बारिश के दौरान आकाशीय बिजली चमकने की स्थिति में खुले मैदान, पेड़ और बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचना चाहिए। मौसम में अचानक बदलाव होने पर लोगों को सुरक्षित स्थान पर रहने की सलाह दी गई है।

आज भी बना रहेगा बादलों का असर

मौसम वैज्ञानिक के अनुसार, प्रयागराज में बादलों की आवाजाही के बीच रुक-रुककर बारिश होने की संभावना है। बारिश के कारण तापमान में भी कुछ गिरावट आ सकती है। उन्होंने किसानों को भी मौसम की स्थिति को देखते हुए खेतों में आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल