प्रयागराज समेत उत्तर प्रदेश के कई जिलों में बारिश का अलर्ट, किसानों और आमजन को सतर्क रहने की सलाह

 


प्रयागराज, 20 जुलाई (हि.स.)। आगामी कुछ घंटों में उत्तर प्रदेश में प्रयागराज सहित कई जिलों 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं, मेघगर्जन, आकाशीय बिजली और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के लखनऊ केंद्र ने चेतावनी जारी की है।

चन्द्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (सीएसए), कानपुर के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एस.एन. सुनील पांडेय ने बताया कि मानसूनी गतिविधियां फिलहाल सक्रिय हैं। प्रयागराज और आसपास के क्षेत्रों में स्थानीय स्तर पर बादलों का तेजी से विकास होने के कारण गरज-चमक के साथ वर्षा की संभावना बनी हुई है। उन्होंने किसानों को सलाह दी कि मौसम सामान्य होने तक खेतों में अनावश्यक कार्य करने से बचें तथा कटी हुई फसल और कृषि उपकरणों को सुरक्षित स्थान पर रखें। साथ ही आम नागरिक खराब मौसम के दौरान पेड़ों, बिजली के खंभों और खुले मैदानों से दूर रहें तथा सुरक्षित स्थान पर शरण लें।

मौसम पूर्वानुमान के अनुसार सोमवार को प्रयागराज सहित उत्तर प्रदेश के अनेक जिलों में गरज-चमक, आकाशीय बिजली और वर्षा की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने तथा खराब मौसम के दौरान आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की है।

जारी पूर्वानुमान के अनुसार अगले कुछ घंटों के दौरान प्रदेश के प्रयागराज समेत कुछ जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ भारी वर्षा का भी अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि मौसम संबंधी ताज़ा अपडेट पर नजर रखें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। विशेषज्ञों का मानना है कि यह वर्षा खरीफ फसलों के लिए लाभदायक साबित हो सकती है, हालांकि तेज हवाओं और आकाशीय बिजली से बचाव काे लेकर विशेष सतर्कता आवश्यक है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल