उप्र के प्रयागराज समेत कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना
प्रयागराज, 25 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के ज्यादातर हिस्साे में आसमान में बादलाें छाए हुए हैं। माैसम विभाग की ओर से जारी एलर्ट में बताया गया है कि आने वाले कुछ घंटों में उत्तर प्रदेश के प्रयागराज सहित कई जिलों में गरज-चमक, बिजली चमकने तथा 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। ऐसी संभावना शनिवार को मौसम विज्ञान विभाग के लखनऊ केन्द्र ने चेतावनी जारी की है।
मौसम विभाग की जारी चेतावनी के मुताबिक प्रयागराज, कौशाम्बी, प्रतापगढ़, फतेहपुर, चित्रकूट, बांदा, रायबरेली, अमेठी, सुलतानपुर, कानपुर नगर सहित कई जिलों में मौसम तेजी से बदल सकता है। लोगों से खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे खड़े होने से बचने तथा सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की गई है।
सीएसए कानपुर के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एस.एन. सुनील पांडेय ने फाेन से बातचीत में बताया कि वर्तमान में मानसूनी गतिविधियां सक्रिय हैं और वातावरण में पर्याप्त नमी मौजूद है। इसके चलते स्थानीय स्तर पर गरज-चमक वाले बादल विकसित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगले कुछ घंटों में कई स्थानों पर तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम वर्षा और कहीं-कहीं अच्छी बारिश हो सकती है। किसानों को खेतों में कार्य करते समय मौसम की ताजा जानकारी लेते रहने तथा बिजली चमकने के दौरान खुले खेतों में रुकने से बचने की सलाह दी है। डॉ. पांडेय ने कहा कि बारिश के दौरान जलभराव वाले क्षेत्रों में अनावश्यक आवागमन से बचें और मौसम विभाग द्वारा जारी ताजा चेतावनियों पर लगातार नजर रखें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल