आगामी चौबीस घंटे के मध्य प्रयागराज समेत कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग ने 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा की जताई संभावना, कुछ क्षेत्रों में झोंके 60 किलोमीटर तक पहुंच सकते हैं
प्रयागराज, 26 सितंबर (हि.स.)। आगामी चौबीस घंटों के मध्य तेज हवाओं के साथ प्रयागराज सहित उप्र के कई जनपदों में बारिश की संभावना है। शनिवार देर रात मौसम विज्ञान विभाग लखनऊ ने चेतावनी जारी किया है। उत्तर प्रदेश में मानसून की सक्रियता एक बार फिर बढ़ गई है।
मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ की ओर से शनिवार रात जारी जिला स्तरीय तात्कालिक मौसम चेतावनी में प्रयागराज समेत कई जिलों में गरज-चमक के साथ वर्षा और तेज हवा की संभावना जताई गई है। प्रयागराज को ऐसे जिलों की सूची में रखा गया है जहां हल्की से मध्यम वर्षा के साथ मेघगर्जन और आकाशीय बिजली की स्थिति बन सकती है। इस दौरान हवा की गति 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा और झोंकों की गति 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के कुछ जिलों में भारी वर्षा के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने तथा झोंके 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है। इनमें देवरिया, गोरखपुर, संत कबीरनगर, कुशीनगर, बहराइच, महराजगंज, सिद्धार्थनगर, बलरामपुर और श्रावस्ती समेत आसपास के जिले शामिल हैं। वहीं कई अन्य जिलों में मध्यम वर्षा और तेज हवा के साथ गरज-चमक की चेतावनी जारी की गई है।
चन्द्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (सीएसए), कानपुर के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि मानसून की विदाई से पहले वातावरण में पर्याप्त नमी और सक्रिय मौसमी तंत्र के कारण वर्षा की गतिविधियां बढ़ी हैं। अगले कुछ समय तक प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ वर्षा और तेज हवाओं का दौर जारी रह सकता है। उन्होंने लोगों को आकाशीय बिजली के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के आसपास न जाने की सलाह दी है। किसानों को भी तेज बारिश और हवा को देखते हुए कटी फसल को सुरक्षित स्थान पर रखने तथा खेतों में जल निकासी की व्यवस्था बनाए रखने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग की चेतावनी में प्रयागराज के साथ चित्रकूट, कौशांबी, फतेहपुर, प्रतापगढ़, वाराणसी, जौनपुर, गाजीपुर, बांदा, हमीरपुर, महोबा, मीरजापुर, चंदौली, सोनभद्र समेत कई जिलों में भी मौसम सक्रिय रहने की संभावना जताई गई है। वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों में भारी से बहुत भारी वर्षा की चेतावनी दी गई है।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार बारिश के दौरान निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन सकती है। ऐसे में लोगों को मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान पर नजर रखने और खराब मौसम के दौरान आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल