जेई फोन नहीं उठाते, लाइनमैन काम नहीं करते, जनता क्या करे : विनय कुशवाहा

 


यमुनापार की चरमराई विद्युत व्यवस्था पर सांसद गंभीर, प्रतिनिधि ने अधीक्षण अभियंता को सौंपा क्षमता वृद्धि का प्रस्ताव

प्रयागराज, 17 जून (हि.स.)। प्रयागराज के यमुनापार क्षेत्र में लगातार बिगड़ रही विद्युत व्यवस्था को लेकर इलाहाबाद संसदीय क्षेत्र के सांसद उज्ज्वल रमण सिंह ने गंभीर चिंता व्यक्त की है। क्षेत्र की जनता से मिल रही बिजली संबंधी शिकायतों के समाधान के लिए बुधवार को सांसद प्रतिनिधि विनय कुशवाहा ने विद्युत वितरण मंडल-प्रथम, यमुनापार प्रयागराज के अधीक्षण अभियंता लोकेश चंद्र से मुलाकात कर उन्हें क्षमता वृद्धि एवं विद्युत सुधार कार्यों से संबंधित विस्तृत प्रस्ताव सौंपा।

मुलाकात के दौरान विनय कुशवाहा ने बताया कि यमुनापार के ग्रामीण एवं अर्द्धशहरी क्षेत्रों में लंबे समय से लो-वोल्टेज, घोषित एवं अघोषित बिजली कटौती तथा ट्रांसफार्मरों के बार-बार खराब होने की शिकायतें मिल रही हैं। उन्होंने कहा कि सांसद उज्ज्वल रमण सिंह ने इन समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए विभागीय अधिकारियों को त्वरित सुधारात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

सांसद प्रतिनिधि ने मांग की कि ओवरलोड चल रहे विद्युत उपकेंद्रों एवं ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाई जाए। साथ ही जिन मजरों और बस्तियों तक अभी भी निर्बाध बिजली आपूर्ति नहीं पहुंच पा रही है, वहां आवश्यक विद्युत ढांचा विकसित किया जाए। उन्होंने हादसों की आशंका को देखते हुए पुराने एवं जर्जर तारों को तत्काल बदलने की भी मांग की।

विनय कुशवाहा ने कहा कि भीषण गर्मी के बीच बिजली संकट से आम जनता परेशान है। उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा, जेई फोन नहीं उठाते और लाइनमैन शिकायतों पर ध्यान नहीं देते, ऐसे में जनता आखिर अपनी समस्या लेकर कहां जाए? उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही ठोस कदम नहीं उठाए गए तो सांसद स्वयं इस मामले को उच्च स्तर पर उठाने के लिए बाध्य होंगे।

इस पर अधीक्षण अभियंता लोकेश चंद्र ने सांसद प्रतिनिधि को आश्वस्त किया कि यमुनापार क्षेत्र की विद्युत समस्याओं का गंभीरता से अध्ययन कराया जाएगा तथा क्षमता वृद्धि एवं अन्य आवश्यक सुधार कार्यों के प्रस्तावों पर शीघ्र कार्रवाई शुरू की जाएगी, ताकि क्षेत्रवासियों को बेहतर और निर्बाध विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराई जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल