विश्व हिंदू परिषद शिक्षा वर्ग में हिंदू संस्कृति के वैश्विक प्रचार पर जोर : गजेंद्र

 




प्रयागराज, 02 जून (हि.स.)। संगठन हिंदू संस्कृति को वैश्विक स्तर पर जोड़ने तथा उसके मानवीय मूल्यों को दुनिया के कोने-कोने तक पहुंचाने का कार्य कर रहा है। उक्त बातें प्रयागराज के सोरांव स्थित कालेज परिसर में विश्व हिंदू परिषद के परिषद शिक्षा वर्ग के दूसरे दिन कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए क्षेत्रीय संगठन मंत्री गजेंद्र ने कहीं।

उन्होंने कहा कि हिंदू संस्कृति का मूल मंत्र वसुधैव कुटुंबकम् है, जिसके माध्यम से विश्व बंधुत्व, शांति और सहयोग का संदेश पूरी दुनिया में प्रसारित किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि हिंदू धर्म केवल एक संप्रदाय नहीं, बल्कि एक जीवन पद्धति है, जिसमें प्रकृति, पर्यावरण संरक्षण और संतुलित जीवन शैली का समावेश है। संगठन भारतीय प्रवासियों के माध्यम से विश्वभर में भारतीय संस्कृति, त्योहारों, योग और आयुर्वेद के प्रचार-प्रसार के लिए विभिन्न कार्यक्रमों एवं सम्मेलनों का आयोजन करता है। इन आयोजनों के माध्यम से विभिन्न मत, पंथ और संप्रदायों को एक मंच पर लाकर समसामयिक वैश्विक विषयों पर चर्चा की जाती है।

गजेंद्र ने कहा कि आज भारत विश्व का सबसे युवा देश है। यदि युवा शक्ति अपनी ऊर्जा और क्षमता का सही उपयोग करे तो भारत को पुनः गौरवशाली स्थान प्राप्त करने से दुनिया की कोई ताकत नहीं रोक सकती।

उन्होंने कहा कि कार्य करने वालों को ही समाज में सम्मान और श्रेय मिलता है, इसलिए सभी कार्यकर्ताओं को समाजहित में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।

उन्होंने कहा कि भाषा, क्षेत्र, जाति और उपजातियों की विविधताओं के बावजूद हिंदू समाज वैदिक काल से एक रहा है और आगे भी एक रहेगा। समाज में अपनी गौरवशाली संस्कृति और संस्कारों को जीवित बनाए रखने के लिए निरंतर प्रयास करना आवश्यक है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से हिंदू धर्म और संस्कृति के प्रचार-प्रसार के लिए संकल्पित रहने का आह्वान किया।

इस अवसर पर क्षेत्रीय सत्संग प्रमुख दिवाकर नाथ त्रिपाठी ने कहा कि हिंदू समाज के मानबिंदुओं, गौ माता, धार्मिक प्रतीकों, धरोहरों और आस्था केंद्रों की रक्षा के लिए समय-समय पर समाज को जागरूक करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर प्रशासन और सरकार के समक्ष उचित मांगें रखनी चाहिए तथा समाजहित के मुद्दों पर आंदोलन करने से भी पीछे नहीं हटना चाहिए।

कार्यक्रम में प्रांत संगठन मंत्री नितिन, प्रांत मंत्री डॉ. राज नारायण, प्रांत उपाध्यक्ष सुरेश अग्रवाल, सह मंत्री प्रभुति कांत, नरसिंह त्रिपाठी, मुख्य शिक्षक बृजभूषण महेश सिंह, प्रयाग महानगर दक्षिण अध्यक्ष संजय गुप्ता, प्रांत सह संयोजिका शुभांगी सिंह, डॉ. दीपा यादव सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल