न्यूरोसाइंस में आधुनिक तकनीकों और उपचार पर होगा मंथन, 13 नवंबर से यूपी-यूके न्यूरोकॉन

 




तीन दिवसीय सम्मेलन में देश-विदेश के 200 से अधिक विशेषज्ञ चिकित्सक लेंगे हिस्सा रोबोटिक सर्जरी और उपचार में कृत्रिम बुद्धिमत्ता की भूमिका पर भी होगी चर्चा

प्रयागराज, 11 नवंबर (हि.स.)। न्यूरोलॉजी और न्यूरोसर्जरी के क्षेत्र में तेजी से हो रही प्रगति, आधुनिक उपचार पद्धतियों और नई तकनीकों से मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 13 से 15 नवंबर तक प्रयागराज में यूपी-यूके न्यूरोकॉन 2026 का आयोजन किया जाएगा। इसमें देश-विदेश के 200 से अधिक विशेषज्ञ चिकित्सक हिस्सा लेंगे। सम्मेलन में कम चीरे वाली सर्जरी, रोबोटिक तकनीक, मस्तिष्क और रीढ़ की जटिल बीमारियों के उपचार तथा कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के बढ़ते उपयोग पर विशेषज्ञ अपने अनुभव साझा करेंगे। आयोजन अध्यक्ष डॉ. मुकुल पांडेय ने कहा कि सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य विशेषज्ञ चिकित्सकों और युवा डॉक्टरों के बीच ज्ञान, अनुभव और नई चिकित्सा तकनीकों का आदान-प्रदान करना है।

सम्मेलन का विषय 'ब्रिजिंग द फ्यूचर: प्रिसिजन एंड प्रोग्रेस इन न्यूरोसाइंसेज' रखा गया है। इसका आयोजन प्रयागराज न्यूरोलॉजिकल सोसाइटी तथा मोतीलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज के न्यूरोलॉजी एवं न्यूरोसर्जरी विभाग की ओर से किया जा रहा है। मुख्य कार्यक्रम स्टेनली रोड स्थित एएमए कन्वेंशन सेंटर में होगा। न्यूरोसर्जरी विभागाध्यक्ष डॉ. पंकज कुमार गुप्ता आयोजन सचिव हैं।

डॉ. पंकज गुप्ता ने बताया कि सम्मेलन के पहले दिन 13 नवंबर को सुबह मोतीलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज के पुराने परीक्षा भवन में कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी। इनमें आधुनिक स्पाइन सर्जरी की यूनिपोर्टल और बाईपोर्टल एंडोस्कोपिक विधियों, दर्द से राहत के लिए इंजेक्शन तकनीक, मस्तिष्क की धमनियों में एन्यूरिज्म का एंडोवैस्कुलर विधि से उपचार, ईईजी, ट्रांसक्रैनियल डॉप्लर और मूवमेंट डिसऑर्डर में बोटुलिनम टॉक्सिन इंजेक्शन का प्रशिक्षण दिया जाएगा।

इसी दिन शाम पांच से सात बजे तक रेडिसन होटल में वीडियो प्रस्तुति सत्र होगा। इसमें मुंबई के डॉ. बीके मिश्रा जटिल माइक्रो न्यूरोसर्जरी, डॉ. अतुल गोयल ब्रेन ट्यूमर, जबलपुर के डॉ. जितिन बजाज जटिल एटलांटो-एक्सियल डिस्लोकेशन के उपचार में आधुनिक रॉकर तकनीक और लखनऊ के डॉ. दीपक कुमार सिंह कैरोटिको-कैवर्नस फिस्टुला के उपचार पर प्रस्तुति देंगे। इसके अलावा डॉ. भवन नगरवाल एंडोस्कोपिक एन्यूरिज्म क्लिपिंग, एसजीपीजीआई लखनऊ के डॉ. वेद प्रकाश मौर्य माइक्रोवैस्कुलर एनास्टोमोसिस, बेंगलुरु के डॉ. परितोष पांडेय ड्यूरल एवी फिस्टुला के एम्बोलाइजेशन, एम्स रायबरेली के डॉ. सुयश सिंह वेस्टिबुलर श्वानोमा के सर्जिकल उपचार और नोएडा के डॉ. आरसी मिश्रा रीढ़ की नस के जटिल ट्यूमर निकालने की तकनीक पर अपने अनुभव साझा करेंगे।

सम्मेलन का उद्घाटन 14 नवंबर को दोपहर एक से दो बजे तक एएमए कन्वेंशन सेंटर के मुख्य सभागार में होगा।

मुख्य अतिथि इलाहाबाद हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति अरिंदम सिन्हा और विशिष्ट अतिथि लखनऊ के डॉ. मजहर हुसैन होंगे। 14 और 15 नवंबर को आयोजित वैज्ञानिक सत्रों में ब्रेन एवं स्पाइन सर्जरी, एन्यूरिज्म, एवीएम, मिर्गी, स्ट्रोक, पार्किंसन रोग, माइग्रेन, न्यूरोइन्फेक्शन और न्यूरोक्रिटिकल केयर जैसे विषयों पर चर्चा होगी। साथ ही कम चीरे वाली सर्जरी, एंडोस्कोपिक तकनीक, न्यूरोसर्जरी में रोबोट की भूमिका, मिर्गी के आधुनिक उपचार और ट्रॉमैटिक ब्रेन इंजरी के इलाज में कृत्रिम बुद्धिमत्ता के उपयोग पर विशेषज्ञ व्याख्यान देंगे। शोधपत्र और ई-पोस्टर भी प्रस्तुत किए जाएंगे।

सम्मेलन में कई महत्वपूर्ण व्याख्यान भी होंगे। मुंबई के डॉ. बीके मिश्रा खोपड़ी के आधार पर होने वाले ट्यूमर की सर्जरी में निर्णय प्रक्रिया पर 'दवे-छाबड़ा ओरेशन' देंगे। एम्स दिल्ली के डॉ. अचल श्रीवास्तव मूवमेंट डिसऑर्डर पर 'कपिल सूद ओरेशन' प्रस्तुत करेंगे। एसजीपीजीआई लखनऊ की डॉ. जयन्ती कालिता भारत में न्यूरोक्रिटिकल केयर के विकास पर 'यूके मिश्रा ओरेशन' देंगी। वहीं एसजीपीजीआई लखनऊ के डॉ. अवधेश जायसवाल नाक के रास्ते दूरबीन विधि से पिट्यूटरी ट्यूमर की सर्जरी पर प्रेसिडेंशियल ओरेशन देंगे। मुंबई के वरिष्ठ विशेषज्ञ डॉ. अतुल गोयल स्पाइन सर्जरी पर विशेष व्याख्यान प्रस्तुत करेंगे।

आयोजन सचिव डॉ. पंकज कुमार गुप्ता ने उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के सभी न्यूरोलॉजिस्ट एवं न्यूरोसर्जन को सम्मेलन में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया है।

उन्होंने देश-विदेश से आने वाले विशेषज्ञ चिकित्सकों का स्वागत करते हुए कहा कि इस आयोजन से चिकित्सा क्षेत्र में हो रहे नवीनतम शोध और उपचार की जानकारी चिकित्सकों तक पहुंचेगी। प्रेस वार्ता में न्यूरोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. कमलेश सोनकर, डॉ. एनएन गोपाल, डॉ. ओपी सिंह, डॉ. यतीन्द्र शुक्ला, डॉ. कार्तिकेय शर्मा, डॉ. अक्षत पांडेय, डॉ. अंचल चौहान और डॉ. राजेंद्र प्रसाद उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल