उप्र माध्यमिक परिषद की वेबसाइट पर अंक अपलोड करने को 6 अप्रैल तक पुनः सक्रिय

 


प्रयागराज, 30 मार्च (हि.स.)। हाईस्कूल विषयों के आंतरिक मूल्यांकन तथा इंटरमीडिएट के नैतिक, योग, खेल एवं शारीरिक शिक्षा के प्राप्तांक परिषद की वेबसाइट पर अपलोड करने की अंतिम तिथि बढ़ा दी गई है। यह महत्वपूर्ण जानकारी सोमवार को उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद के सचिव भगवती सिंह ने दी।

उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद ने वर्ष 2026 की बोर्ड परीक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण सूचना जारी की है। सचिव ने बताया कि पहले विद्यालयों को 25 मार्च तक अंक अपलोड करने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन संतुलन सूची के अनुसार प्रदेश के 52 जनपदों के 866 विद्यालयों द्वारा 97,603 परीक्षार्थियों के प्राप्तांक निर्धारित समय तक अपलोड अथवा फाइनल सबमिट नहीं किए गए।

ऐसे विद्यालयों को अंतिम अवसर प्रदान करते हुए परिषद की वेबसाइट को अंक अपलोड करने हेतु 6 अप्रैल तक पुनः सक्रिय किया जा रहा है। परिषद ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित तिथि तक अंक अपलोड न करने पर संबंधित परीक्षार्थियों को अनुत्तीर्ण घोषित किया जाएगा, जिसके लिए संबंधित विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं प्रधानाचार्या पूर्ण रूप से जिम्मेदार होंगे। परिषद ने सभी जिला विद्यालय निरीक्षकों को इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल