प्रयागराज : पुलिस ने 24 घंटे में दो नाबालिग बालिकाओं को किया सकुशल बरामद
कोचिंग जाने की बात कहकर घर से निकली थीं दोनों, प्रयागराज जंक्शन के पास मिलीं
प्रयागराज, 24 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित लालापुर थाना पुलिस ने गुरुवार को त्वरित कार्रवाई करते हुए घर से लापता हुईं दो नाबालिग बालिकाओं को 24 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया। दोनों बालिकाएं कोचिंग जाने की बात कहकर घर से निकली थीं और वापस नहीं लौटी थीं। पुलिस ने उन्हें प्रयागराज जंक्शन रेलवे स्टेशन के पास से बरामद कर परिजनों को सकुशल सौंप दिया।
पुलिस उपायुक्त यमुनानगर विवेक चन्द्र यादव ने बताया कि नाबालिग बालिकाओं के लापता होने की सूचना मिलते ही लालापुर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए टीम गठित कर तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों को 24 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया। उन्होंने बताया कि मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है और बालिकाओं को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, 23 सितंबर को एक बालिका के परिजन ने थाने में तहरीर दी थी। इसमें बताया गया था कि उनकी नाबालिग पुत्री गांव की ही एक अन्य नाबालिग बालिका के साथ कोचिंग जाने की बात कहकर घर से निकली थी, लेकिन दोनों वापस नहीं लौटीं। सूचना के आधार पर लालापुर थाने में मु0अ0सं0 86/2026, धारा 137(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
विवेचना के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि परिजनों की डांट-फटकार से नाराज होकर दोनों बालिकाएं घर से चली गई थीं। इसके बाद पुलिस टीम ने उनकी तलाश शुरू की और प्रयागराज जंक्शन के पास से दोनों को सकुशल बरामद कर लिया।
बरामदगी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष ब्रजेश सिंह, उपनिरीक्षक अमित यादव, रिजर्व कांस्टेबल अखिलेश यादव और रिजर्व महिला कांस्टेबल निहारिका सिंह शामिल रहीं।
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल