शिक्षक विद्यार्थियों के चरित्र और व्यक्तित्व का करते हैं निर्माण : डॉ. पूर्णिमा पाण्डेय
प्रयागराज, 05 सितंबर (हि.स.)। शिक्षक विद्यार्थियों को सही दिशा देने के साथ-साथ उनके चरित्र और व्यक्तित्व का निर्माण करते हैं। विद्यार्थी के जीवन में शिक्षक की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। यह विचार शिक्षक दिवस समारोह की मुख्य अतिथि डॉ. पूर्णिमा पाण्डेय ने व्यक्त किए। उन्होंने सभी शिक्षकों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दीं।
ज्वाला देवी सरस्वती विद्या मंदिर बालिका इंटर कॉलेज, सुभाष नगर, प्रयागराज में शनिवार काे शिक्षक दिवस समारोह हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं पुष्पार्चन के साथ हुआ।
कार्यक्रम में विद्यालय की प्रबंध समिति की अध्यक्ष उषा मिश्रा, उपाध्यक्ष श्रीमती सीमा गुप्ता तथा सदस्य संगीता अग्रवाल उपस्थित रहीं।
शिक्षक दिवस के अवसर पर विद्यालय की ओर से सभी शिक्षकों एवं कर्मचारियों को वस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। छात्राओं ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम, भाषण, गीत एवं अन्य प्रस्तुतियों के माध्यम से अपने गुरुजनों के प्रति सम्मान और आभार व्यक्त किया। छात्राओं ने शिक्षकों के मार्गदर्शन एवं योगदान को याद करते हुए उन्हें शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दीं।
समारोह में विद्यालय के सभी आचार्य-आचार्याएं, कर्मचारी एवं छात्राएं उपस्थित रहीं। पूरे कार्यक्रम का वातावरण श्रद्धा, सम्मान और उत्साह से भरा रहा।
अंत में विद्यालय परिवार की ओर से अतिथियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम का समापन कल्याण मंत्र के साथ हुआ।
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल