मोदी के नेतृत्व में 25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए, कोई पात्र व्यक्ति योजनाओं से वंचित नहीं रहेगा : स्वतंत्र देव सिंह

 


प्रयागराज में स्वच्छता अभियान चलाया, लाभार्थियों को वितरित किए आवास स्वीकृति पत्र, चाबियां व प्रमाण-पत्र

प्रयागराज, 14 जून (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में देश ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के नए आयाम स्थापित किए हैं। इस दौरान लगभग 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं और करोड़ों परिवारों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिला है। यह बातें रविवार को प्रयागराज के अल्लापुर संजय नगर मलीन बस्ती में आयोजित स्वच्छता अभियान में पहुंचे उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं प्रयागराज के प्रभारी मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने कही।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का स्पष्ट संकल्प है कि देश का कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। केंद्र सरकार के सेवा, सुशासन एवं जनकल्याण के 12 स्वर्णिम वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर अल्लापुर स्थित संजय नगर मलिन बस्ती में आयोजित कार्यक्रम में स्वतंत्र देव सिंह ने स्वच्छता अभियान में भाग लेते हुए झाड़ू लगाकर स्वच्छता का संदेश दिया तथा एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पौधरोपण किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय नागरिकों और विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा योजनाओं से मिल रहे लाभों की जानकारी प्राप्त की।

अपने संबोधन में मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जीवन संघर्ष और सेवा का प्रतीक है। एक साधारण परिवार से निकलकर देश के सर्वोच्च पद तक पहुंचने वाले प्रधानमंत्री ने बिना अवकाश लिए 25 वर्षों से अधिक समय तक जनसेवा का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि 12 वर्ष पूर्व देश अस्थिरता और नीतिगत अस्पष्टता के दौर से गुजर रहा था, लेकिन आज भारत विश्व मंच पर मजबूत और आत्मविश्वासी राष्ट्र के रूप में स्थापित हुआ है।

स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि स्वच्छ भारत अभियान आज जन आंदोलन का रूप ले चुका है। लोगों में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और पौधरोपण के प्रति जागरूकता बढ़ी है। उन्होंने बताया कि पिछले नौ वर्षों में प्रयागराज जनपद में लगभग डेढ़ करोड़ पौधे लगाए गए हैं, जो अब वृक्ष बनकर पर्यावरण संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधरोपण करने और पौधों की सुरक्षा का संकल्प लेने का आह्वान किया।

मंत्री ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं ने गरीब, किसान, महिला, युवा और वंचित वर्गों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है। प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, पीएम किसान सम्मान निधि, राशन, शौचालय और सामूहिक विवाह योजना जैसी योजनाओं से करोड़ों परिवार लाभान्वित हुए हैं।

कार्यक्रम में डूडा द्वारा गठित स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को प्रशस्ति-पत्र, प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को आवास की चाबियां एवं स्वीकृति पत्र, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र तथा स्वच्छता मित्रों को सफाई किट वितरित की गई।

इस अवसर पर निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का भी आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महापौर उमेश चंद्र गणेश केसरवानी, विधायक हर्षवर्धन वाजपेयी, दीपक पटेल, गुरु प्रसाद मौर्य, भाजपा महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता, प्रदेश मंत्री अनामिका चौधरी, जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा, नगर आयुक्त सीलम साईं तेजा, मुख्य विकास अधिकारी हर्षिका सिंह सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल