सपा यमुनापार जिलाध्यक्ष पप्पू लाल निषाद का निधन, अखिलेश यादव सहित वरिष्ठ नेताओं ने जताया शोक

 




प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने पुष्पचक्र अर्पित कर दी अंतिम विदाई

प्रयागराज, 04 सितंबर (हि.स.)। समाजवादी पार्टी के यमुनापार जिलाध्यक्ष पप्पू लाल निषाद (63) का शुक्रवार सुबह 7:30 बजे चौखंडी, कीडगंज स्थित उनके आवास पर निधन हो गया। वह पिछले कई दिनों से बीमार थे और उनका उपचार चल रहा था। उनके निधन की खबर से समाजवादी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं में शोक की लहर दौड़ गई। उनका अंतिम संस्कार शुक्रवार को दोपहर बाद दारागंज घाट पर किया गया।

पप्पू लाल निषाद के निधन पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने गहरा शोक व्यक्त किया। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल, एमएलसी डॉ. मानसिंह यादव, महानगर अध्यक्ष सैयद इफ्तेखार हुसैन, गंगापार जिलाध्यक्ष अनिल यादव, विधायक विजमा यादव, संदीप पटेल, पार्टी प्रवक्ता दान बहादुर मधुर, महानगर महासचिव रविंद्र यादव एडवोकेट, कमला यादव सहित कई नेताओं ने उनके आवास पहुंचकर पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित किया और अंतिम विदाई दी।

लंबे समय से पार्टी से जुड़े थे

पप्पू लाल निषाद लंबे समय से समाजवादी पार्टी से जुड़े हुए थे। उन्होंने पार्टी में विभिन्न पदों पर रहते हुए संगठन को मजबूत करने के लिए जिम्मेदारी के साथ कार्य किया। संगठनात्मक दृष्टि से जिले को तीन भागों में विभाजित किए जाने के बाद 26 अप्रैल 2023 को उन्हें यमुनापार का जिलाध्यक्ष मनोनीत किया गया था।

पार्टी नेताओं ने कहा कि पप्पू लाल निषाद कर्मठ और समर्पित नेता थे। वह विभिन्न सामाजिक संगठनों से भी जुड़े रहे और सामाजिक कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाते थे। उनके निधन से समाजवादी पार्टी को अपूरणीय क्षति हुई है।

परिवार में पत्नी और तीन संतान

पप्पू लाल निषाद के परिवार में पत्नी द्रोपदी देवी, दो पुत्र जितेंद्र निषाद और रुपेश निषाद तथा विवाहित पुत्री प्रियंका हैं। उनके निधन पर पार्टी के नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को इस दुख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की।

उनके निधन पर पूर्व सांसद रेवती रमण सिंह, पूर्व विधायक हाजी परवेज अहमद, विधायक गीता शास्त्री, प्रदेश सचिव नरेंद्र सिंह, दूधनाथ पटेल, महेंद्र निषाद, तारिक सईद अज्जू, मोहम्मद शारिक, इंजीनियर जगदीश यादव, राजू पासी, आर.एन. यादव, महबूब उस्मानी, प्रेम शंकर, सुरेश, शिव सेवक पटेल, देवी लाल, रमाकांत पटेल, नंदलाल पटेल, डॉ. अमर बहादुर यादव, संतोष यादव, रवि गुप्ता, दिलीप सोनी, सचिन श्रीवास्तव, अरविंद केसरवानी, नाटे चौधरी, संदीप विश्वकर्मा, दिनेश यादव, प्रदीप निषाद, आशुतोष तिवारी, सोमदत्त पटेल, रविंद्र जैसल, भागीरथ बिंद, ननकेश यादव, केशव विश्वकर्मा, ओपी पाल, जय भारत, राजकुमार यादव, पवन सोनकर, संतोष निषाद, रामचंद्र निषाद, विजय राज यादव, मोहम्मद हामिद, सऊद, एसपी पांडे, भोला मौर्य, राम निरंजन, सागर निषाद, प्रभात कुमार, पंचूलाल सहित बड़ी संख्या में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने शोक व्यक्त किया।

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल