स्वच्छ ऊर्जा से आत्मनिर्भर बनेगा प्रयागराज, हर घर तक पहुंचे सौर ऊर्जा का लाभ : महापौर

 


कालिंदीपुरम में सोलर रूफटॉप कैंप का आयोजन, नागरिकों को स्वच्छ और किफायती ऊर्जा अपनाने के लिए किया गया प्रेरित

प्रयागराज, 21 जून (हि.स.)। स्वच्छ ऊर्जा को अपनाकर प्रयागराज को ऊर्जा आत्मनिर्भर और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार शहर बनाया जा सकता है। सोलर रूफटॉप केवल बिजली बिल कम करने का माध्यम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित, स्वच्छ और स्वस्थ पर्यावरण सुनिश्चित करने का सशक्त साधन है। उक्त बातें रविवार कालिंदीपुरम में सोलर रूफटॉप कैम्प कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रयागराज के महापौर गणेश केसरवानी ने कहीं। उन्होंने नागरिकों से सौर ऊर्जा को अपनी जीवनशैली का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

रविवार को कालिंदीपुरम स्थित 60 फीट रोड, सब्जी मंडी चौराहे पर सरकार समर्थित इकोज़ेन द्वारा आयोजित सोलर रूफटॉप कैंप में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे महापौर गणेश केसरवानी ने कैंप का अवलोकन किया और सौर ऊर्जा के प्रति लोगों को जागरूक किया।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में देश एवं प्रदेश में नवीकरणीय ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इन योजनाओं का उद्देश्य आम नागरिकों को सस्ती, स्वच्छ और टिकाऊ ऊर्जा उपलब्ध कराना है। यदि प्रत्येक परिवार सौर ऊर्जा अपनाने की दिशा में कदम बढ़ाए तो प्रयागराज पर्यावरण संरक्षण और ऊर्जा आत्मनिर्भरता का एक आदर्श मॉडल बन सकता है।

कैंप में इकोज़ेन कंपनी के प्रतिनिधियों ने नागरिकों को सौर ऊर्जा के लाभों, सरकारी अनुदान, नेट मीटरिंग व्यवस्था तथा रूफटॉप सोलर सिस्टम की स्थापना प्रक्रिया के बारे में विस्तृत जानकारी दी। साथ ही बताया गया कि विशेष अभियान के तहत 3 किलोवाट क्षमता का सोलर कनेक्शन लगवाने पर एयर कंडीशनर (एसी) तथा 1 किलोवाट क्षमता का सोलर कनेक्शन लगवाने पर इंडक्शन चूल्हा उपहार स्वरूप प्रदान किया जा रहा है।

तकनीकी विशेषज्ञों ने सोलर सिस्टम की कार्यप्रणाली, रखरखाव और दीर्घकालिक आर्थिक बचत से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर भी प्रकाश डाला। बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने कैंप में पहुंचकर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया और सौर ऊर्जा अपनाने में रुचि दिखाई। कई लोगों ने मौके पर ही पंजीकरण संबंधी जानकारी भी प्राप्त की।

इस अवसर पर क्षेत्रीय पार्षद गुलाब सिंह पटेल, मंडल अध्यक्ष पारस श्रीवास्तव, जितेन्द्र राय, विष्णु त्रिपाठी, मो. सदमान सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। सभी ने अधिक से अधिक लोगों को सौर ऊर्जा अभियान से जोड़ने तथा ऊर्जा एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के अंत में नागरिकों ने इस प्रकार के जागरूकता शिविरों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन स्वच्छ ऊर्जा के प्रति लोगों को प्रेरित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में योगदान देते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल