सपा सरकार बनने पर पुरानी पेंशन बहाली और नियमित भर्तियों का रास्ता होगा साफ : डॉ. मानसिंह यादव

 


वित्तविहीन शिक्षकों की सेवा पुस्तिका, शिक्षामित्रों को समान कार्य-समान वेतन और 69 हजार शिक्षक भर्ती में आरक्षण का पालन कराने का किया वादा

प्रयागराज, 14 अक्टूबर (हि.स.)। समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर बेरोजगारों और शिक्षकों के साथ न्याय किया जाएगा। पुरानी पेंशन बहाल करने, वित्तविहीन शिक्षकों की सेवा पुस्तिका बनाने, शिक्षामित्रों को समान कार्य-समान वेतन देने और पेपर लीक जैसी घटनाओं पर रोक लगाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे। आउटसोर्सिंग और अग्निवीर जैसी भर्ती व्यवस्था के स्थान पर नियमित भर्तियां की जाएंगी। यह बातें बुधवार को प्रयागराज सिविल लाइन स्थित एक होटल में मीडिया से वार्ता करते हुए इलाहाबाद-झांसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से सपा के एमएलसी डॉ. मानसिंह यादव ने कहीं।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में बेरोजगारी दूर करने के लिए प्रतियोगी परीक्षाओं का नियमित कैलेंडर जारी किया जाएगा और भर्ती प्रक्रिया को समयबद्ध बनाया जाएगा। पेपर लीक की समस्या का स्थायी समाधान किया जाएगा। 69 हजार शिक्षक भर्ती मामले में उचित हस्तक्षेप कर आरक्षण के नियमों का पालन सुनिश्चित कराया जाएगा। बीएड और शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) से जुड़े मामलों की विसंगतियां दूर कर शिक्षकों को न्याय दिलाया जाएगा।

डॉ. यादव ने कहा कि वित्तविहीन शिक्षकों को सेवा पुस्तिका के साथ सम्मानजनक मानदेय दिलाने की दिशा में काम किया जाएगा। शिक्षा मित्रों को समान कार्य के लिए समान वेतन देने के साथ ग्राम सेवकों, रोजगार सेवकों, अनुदेशकों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और आशा बहुओं की समस्याओं का समाधान किया जाएगा। वर्ष 2018 से संघर्ष कर रहे एक लाख शिक्षा प्रेरकों की बहाली और उनके बकाया भुगतान का भी प्रयास किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि राजकीय इंटर कॉलेज (जीआईसी), स्ववित्तपोषित और वित्तविहीन शिक्षण संस्थानों के शिक्षकों के बीच कैशलेस चिकित्सा सुविधा को लेकर भेदभाव दूर किया जाएगा। अधिवक्ताओं की सुरक्षा के लिए एडवोकेट प्रोटेक्शन कानून लागू करने की भी पैरवी की जाएगी।

डिप्टी सीएम के बयान पर किया पलटवार

प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य की ओर से लगाए गए व्यक्तिगत आरोपों पर डॉ. मानसिंह यादव ने कहा कि जिस प्रकरण का उल्लेख किया जा रहा है, उसमें उनका कहीं कोई जिक्र नहीं है। फर्जी डिग्री के मुद्दे पर उन्होंने भाजपा नेताओं पर पलटवार करते हुए कहा कि जो लोग अपनी डिग्रियां तक नहीं ढूंढ़ पाए, उन्हें दूसरों की डिग्रियों पर सवाल नहीं उठाना चाहिए।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा मुद्दों पर चर्चा करने के बजाय राजनीतिक विमर्श गढ़ने और विपक्ष पर आरोप लगाने की राजनीति करती है। उप मुख्यमंत्री का बयान हताशा और बचकानेपन से भरा है। डॉ. यादव ने अपने पिछले कार्यकाल की उपलब्धियां और संघर्ष गिनाते हुए जनता के भरोसे पर विश्वास जताया।

पत्रकार वार्ता में सपा जिलाध्यक्ष अनिल यादव, महानगर अध्यक्ष सैय्यद इफ्तिखार हुसैन, प्रवक्ता दान बहादुर मधुर, यमुनापार महासचिव इंजीनियर जगदीश यादव, महानगर महासचिव रविंद्र यादव एडवोकेट और रावेन्द्र उर्फ रवि मिश्रा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल