स्नातक चुनाव की तारीख घोषित होते ही सपा ने तेज की तैयारियां

 


इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन को लेकर संगठन की बैठक, मतदाता सूची में छूटे नाम जोड़ने पर जोर

प्रयागराज, 23 सितंबर (हि.स.)। इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन का कार्यक्रम घोषित होने के साथ ही समाजवादी पार्टी ने चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। सपा प्रवक्ता दान बहादुर सिंह मधुर ने कहा कि संगठन स्तर पर बूथ तक तैयारियों को लेकर पदाधिकारियों के साथ आवश्यक चर्चा की गई है। उन्होंने बताया कि बैठक में मतदाता सूची में छूटे पात्र मतदाताओं के नाम शामिल कराने और संगठन की सक्रियता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया।

भारत निर्वाचन आयोग के घोषित कार्यक्रम के अनुसार इस निर्वाचन क्षेत्र समेत उत्तर प्रदेश की विधान परिषद की स्नातक और शिक्षक सीटों के लिए 23 अक्टूबर को मतदान होगा। चुनाव की अधिसूचना 29 सितंबर को जारी होगी और छह अक्टूबर तक नामांकन किए जा सकेंगे।

बुधवार काे समाजवादी पार्टी के स्थानीय संगठन के पदाधिकारियों की बैठक हुई। इसमें वर्तमान एमएलसी एवं पार्टी के घोषित प्रत्याशी डॉ. मान सिंह यादव ने पदाधिकारियों के साथ चुनाव की तैयारियों पर चर्चा की। बैठक में मतदाता सूची के लगातार अद्यतन की प्रक्रिया के बीच पात्र मतदाताओं के नाम शामिल कराने को लेकर कार्यकर्ताओं को सक्रिय रहने को कहा गया।

पार्टी की ओर से बताया गया कि संगठन ने बूथ स्तर तक अपनी तैयारियों की समीक्षा की है। बैठक में चुनाव से जुड़े संगठनात्मक कार्यों, मतदाताओं से संपर्क और क्षेत्रवार जिम्मेदारियों पर भी चर्चा हुई।

सपा नेताओं ने बताया कि पार्टी चुनाव के दौरान विकास, रोजगार, पेपर लीक, आरक्षण, सरकारी भ्रष्टाचार, महिलाओं की सुरक्षा, किसानों की आय और सामाजिक न्याय जैसे मुद्दों को लेकर मतदाताओं के बीच जाएगी। ये पार्टी और उसके नेताओं द्वारा उठाए जाने वाले मुद्दे हैं।

बैठक में एमएलसी एवं प्रत्याशी डॉ. मान सिंह यादव, जिलाध्यक्ष अनिल यादव, महानगर अध्यक्ष सैयद इफ्तिखार हुसैन, शिक्षक सभा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. एसपी सिंह पटेल, पंधारी यादव, प्रवक्ता दान बहादुर सिंह मधुर, महानगर महासचिव रविंद्र यादव एडवोकेट, यमुनापार महासचिव इंजी. जगदीश यादव, वकार अहमद, आशर्फी यादव, जगत यादव एडवोकेट, सुरेश यादव, नाटे चौधरी, राम अवध पाल, तारिक सईद अज्जू, आशुतोष तिवारी, बृजेश यादव, सचिन श्रीवास्तव, देवेश यादव एडवोकेट, सऊद अहमद, माशाहद अली और केके यादव समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल