सपा ही व्यापारियों की सच्ची हितैषी, भाजपा सरकार के फैसलों ने छोटे व्यापारियों को किया बर्बाद : मनीष जगन अग्रवाल
सहसों में पीडीए वैश्य-व्यापारी सम्मेलन, हजारों व्यापारियों ने 2027 में सपा सरकार बनाने का लिया संकल्प
प्रयागराज, 18 अगस्त (हि.स.)। समाजवादी पार्टी व्यापार सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनीष जगन अग्रवाल ने मंगलवार काे कहा कि समाजवादी पार्टी ही व्यापारी समाज की एकमात्र हितैषी है। भाजपा सरकार के फैसलों से छोटे व्यापारी परेशान और बर्बाद हुए हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 में व्यापारी समाज एकजुट होकर समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। सहसों में आयोजित पीडीए वैश्य-व्यापारी सम्मेलन में हजारों व्यापारियों ने 2027 में सपा सरकार बनाने का संकल्प लिया। इस दौरान ‘पीडीए व्यापारी ने ठाना है, 2027 में सपा सरकार बनाना है के नारे भी लगाए गए।
सम्मेलन की अध्यक्षता सपा जिलाध्यक्ष अनिल यादव ने की। मुख्य अतिथि मनीष जगन अग्रवाल ने कहा कि नोटबंदी और जीएसटी के कारण बड़ी संख्या में छोटे कारोबार और कंपनियां प्रभावित हुईं। श्रम कानूनों में किए गए बदलावों से भी छोटे व्यापारियों और श्रमिकों को नुकसान हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि बड़े पूंजीपतियों को बड़ी मात्रा में ऋण दिया गया, जबकि छोटे व्यापारियों को सड़क चौड़ीकरण सहित विभिन्न कार्यों के नाम पर परेशान किया गया।
उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकारों में छोटे उद्यमियों और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा दिया गया। वाराणसी के साड़ी उद्योग, मऊ और आजमगढ़ के कालीन, अलीगढ़ के ताला उद्योग, मुरादाबाद के पीतल उद्योग और कन्नौज के इत्र उद्योग को आगे बढ़ाने के लिए विशेष योजनाएं चलाई गईं।
विशिष्ट अतिथि व्यापार सभा के प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप जायसवाल ने कहा कि 2027 में सपा की सरकार बनने पर व्यापारियों को आर्थिक तरक्की के लिए बेहतर वातावरण मिलेगा। उन्होंने कहा कि मुलायम सिंह यादव की सरकार में चुंगी और तहबाजारी जैसी व्यवस्थाओं को समाप्त करने तथा इंस्पेक्टर राज पर रोक लगाने का काम किया गया था। अखिलेश यादव की सरकार में व्यापारियों के लिए 10 लाख रुपये का दुर्घटना बीमा भी शुरू किया गया था।
प्रदीप जायसवाल ने कहा कि प्रदेश की 403 विधानसभा सीटों में से 165 सीटों पर व्यापारी समाज की आबादी 25 से 30 प्रतिशत तक है। उन्होंने व्यापारी सुरक्षा आयोग के गठन, व्यापारी वर्ग से विधान परिषद सदस्य बनाए जाने और ऑनलाइन व्यापार व्यवस्था में सुधार की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि व्यापारी समाज अब अपने हितों को लेकर जागरूक है।
सम्मेलन के दौरान भाजपा सरकार के खिलाफ भी व्यापारियों ने नारे लगाए। कार्यक्रम के आयोजक अरविंद केसरवानी ने अतिथियों का चांदी का मुकुट, अंगवस्त्र और माला पहनाकर स्वागत किया। संचालन सपा के वरिष्ठ नेता हरिओम साहू ने किया। सपा सांस्कृतिक प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष धर्मेंद्र सोलंकी और चंचल ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया।
सम्मेलन को डॉ. अजय चौरसिया, धर्मेंद्र सोलंकी, व्यापार सभा जिलाध्यक्ष कमलेश गुप्ता, मदन जायसवाल, प्रवीण केसरवानी, अनिल केसरी, राजा बाबू केसरवानी, दिनेश केसरवानी, धैर्य प्रताप साहू, रणधीर साहू, अखिलेश गुप्ता, यथाश केसरवानी और राजेश गुप्ता सहित अन्य वक्ताओं ने भी संबोधित किया।
इस अवसर पर महानगर अध्यक्ष सैयद इफ्तेखार हुसैन, एमएलसी डॉ. मानसिंह यादव, विधायक विजमा यादव, पूर्व सांसद धर्मराज पटेल, पूर्व विधायक सत्यवीर मुन्ना, हाजी मुजतबा सिद्दीकी सहित पार्टी के अनेक पदाधिकारी, नेता और हजारों व्यापारी मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल