पशुपालन विभाग प्रदेश में स्थापित कर रही आठ नए आधुनिक बकरी प्रजनन प्रक्षेत्र

 






प्रयागराज, 04 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश पशुपालन विभाग प्रदेश में बकरी पालन को और सुदृढ़ करने के उद्देश्य से आठ नए आधुनिक बकरी प्रजनन प्रक्षेत्र स्थापित कर रही है। यह जानकारी मंगलवार को उपनिदेशक लघु पशुपालन डॉ.सुनील कुमार राठौर ने दी।

उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार पशुपालकों की आय बढ़ाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए भेड़, बकरी और सूकर (सुअर) पालन को बढ़ावा दे रही है। इसके तहत प्रदेश में कई कल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका लाभ उठाकर छोटे और सीमांत पशुपालक आत्मनिर्भर बन सकते हैं।

उपनिदेशक लघु पशुपालन ने बताया कि सरकार प्रदेश में आठ नए आधुनिक बकरी प्रजनन प्रक्षेत्र स्थापित कर रही है। इन प्रक्षेत्रों की क्षमता 200 से 500 बकरियों तक होगी। यहां उन्नत नस्ल के बकरों और बकरियों के प्रजनन के साथ-साथ मिल्क कलेक्शन यूनिट, गोट मार्ट और फीड प्लांट जैसी आधुनिक सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी, जिससे पशुपालकों को बेहतर सेवाएं और बाजार उपलब्ध हो सकेगा।

उन्होंने बताया कि विभाग की ओर से उन्नत नस्ल के भेड़, बकरी और सूकर किफायती दरों पर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इसके अलावा पशुपालकों को वैज्ञानिक तरीके से पशुपालन करने के लिए प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है, ताकि वे कम लागत में अधिक उत्पादन और बेहतर आय प्राप्त कर सकें।

उपनिदेशक लघु पशुपालन ने कहा कि सरकार की इन योजनाओं का उद्देश्य ग्रामीण युवाओं, महिलाओं और छोटे पशुपालकों को स्वरोजगार से जोड़ना तथा पशुपालन को लाभकारी व्यवसाय के रूप में विकसित करना है। उन्होंने पशुपालकों से अपील की कि वे विभाग की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और निकटतम पशुपालन विभाग कार्यालय से संपर्क कर आवश्यक जानकारी प्राप्त करें।

उन्होंने विश्वास जताया कि आधुनिक तकनीक, उन्नत नस्ल के पशु और सरकारी सहयोग से प्रदेश में पशुपालन का क्षेत्र और अधिक मजबूत होगा तथा किसानों और पशुपालकों की आय में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल