सावन की हरियाली और नारी शक्ति का संगम है सावन महोत्सव : महापौर गणेश केसरवानी
स्वस्थ, संगठित रहकर संस्कारों और भारतीय परंपराओं को आगे बढ़ाएं : डॉ. कृतिका अग्रवाल
प्रयागराज, 19 अगस्त (हि.स.)। प्रकृति इस समय चारों ओर हरियाली की चादर ओढ़े हुए है और सावन शिव-पार्वती के मिलन का पावन महीना है। एकता, शक्ति, उत्सव और स्वास्थ्य के माध्यम से सावन की हरियाली और नारी शक्ति का सुंदर संगम देखने को मिलता है। यह बातें महापौर गणेश केसरवानी ने बुधवार को झलवा में आयोजित सावन महोत्सव में महिलाओं को संबोधित करते हुए कहीं।
महापौर ने कहा कि सावन का महीना भारतीय संस्कृति, प्रकृति और उत्सवों से जुड़ा है। ऐसे आयोजनों से महिलाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ एक-दूसरे से जुड़ने और सामाजिक एकता को मजबूत करने का अवसर मिलता है।
भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं विशिष्ट अतिथि डॉ. कृतिका अग्रवाल ने कहा कि जिस प्रकार सावन में बहनें झूले पर एक साथ बैठकर गीत गाती हैं, उसी तरह समाज को भी मिल-जुलकर आगे बढ़ना चाहिए। मां पार्वती ने कठिन तपस्या, धैर्य और समर्पण के बल पर भगवान शिव को प्राप्त किया। यही तप, धैर्य और समर्पण प्रत्येक नारी की शक्ति है। महिलाएं परिवार संभालने के साथ बच्चों का भविष्य संवारने और समाज को संस्कार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने कहा कि स्वस्थ रहेंगे, संगठित रहेंगे और भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं के संस्कारों को आगे बढ़ाएंगे।
स्वागताध्यक्ष एवं काशी प्रांत भाजपा चिकित्सा प्रकोष्ठ के सहसंयोजक डॉ. सुशील सिन्हा ने कहा कि सावन में हरियाली तीज, नाग पंचमी और रक्षाबंधन जैसे पर्व आते हैं। हरे वस्त्र, मेहंदी, झूले और भजन लोगों को प्रकृति से जोड़ने के साथ मानसिक शांति भी प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि विधानसभा शहर पश्चिमी की महिलाएं क्षेत्र की ताकत और आधार हैं।
ज्योत्सना संस्था के सचिव अविचल द्विवेदी ने कहा कि लोकगीत, फाग, कजरी और झूले के गीतों ने सावन महोत्सव को जीवंत बना दिया। बेटियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सभी का मन मोहा। उन्होंने कहा कि जिस घर में नारी प्रसन्न रहती है, वहां सुख-शांति बनी रहती है और जिस समाज में नारी आगे बढ़ती है, वह समाज भी प्रगति के पथ पर आगे बढ़ता है।
कार्यक्रम के संयोजक एवं भाजपा महानगर कोषाध्यक्ष रामलोचन साहू ने कहा कि महिलाओं के सहयोग से सावन महोत्सव केवल सांस्कृतिक आयोजन नहीं, बल्कि नारी शक्ति के सम्मान का पर्व बन गया है।
इससे पहले मेहंदी प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें अंजलि ने पहला, शिखा ने दूसरा और राखी प्रजापति ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। नृत्य प्रस्तुतियों में तान्या तथा शिव तांडव में वैष्णव, रिद्धि, सिद्धि, सुनीता केसरवानी, शांति सिंह और उमा तिवारी ने शानदार प्रस्तुति दी। वृद्ध महिला कमलावती ने मधुर स्वर में गीत प्रस्तुत कर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।
उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली महिलाओं को शॉल ओढ़ाकर और स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर पार्षद दीपिका जैसल, रोमा भारतीया, प्रीति गुप्ता, भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष शिखा रस्तोगी, आभा सिंह, पवन राष्ट्रवादी, अखिलेश श्रीवास्तव, पूनम कुशवाहा, रेखा मौर्य, सतीश कुशवाहा, संजय द्विवेदी, डॉ. कमल श्रीवास्तव, मीणा चौधरी, पूजा गुप्ता, तनु भारतीया, मंजू द्विवेदी, सबिता साहू, प्रियंका प्रजापति, रेनू प्रजापति, रूपला पटेल, प्रिया पटेल, निर्जला पटेल, अंजली कुशवाहा, आरती सिंह, सुनीता केसरवानी, स्वाती यादव, सोनम सरोज, उर्मिला साहू, विमला सिंह, प्रिया सिंह, शीला चौहान, मंजू मौर्य और सुषमा शाक्य समेत बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. आभा मधुर श्रीवास्तव ने किया। राष्ट्रगान के साथ सावन महोत्सव का समापन हुआ।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल