सामाजिक सद्भाव के लिए बुद्धिजीवी आगे आएं : प्रो. शुकदेव भोई
अखिल भारतीय श्रीकृष्ण चेतना संस्थान का स्थापना दिवस समारोह धूमधाम से सम्पन्न, श्रीकृष्ण की शिक्षाओं को अपनाने पर जोर
प्रयागराज, 03 अक्टूबर (हि.स.)। वर्तमान समय में सामाजिक सद्भाव की आवश्यकता है। समाज में आपसी भाईचारा बढ़ाने के लिए बुद्धिजीवियों को आगे आकर अपनी भूमिका निभानी चाहिए। यह बातें शनिवार को प्रयागराज के फाफामऊ गद्दोपुर श्रीकृष्णपुरम स्थित अखिल भारतीय श्रीकृष्ण चेतना संस्थान के स्थापना दिवस समारोह को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए विनोद बिहारी महतो कोयलांचल विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति एवं लाल बहादुर शास्त्री संस्कृत केंद्रीय विश्वविद्यालय, नई दिल्ली के साहित्य विभागाध्यक्ष प्रो. शुकदेव भोई ने कही।
उन्होंने कहा कि समाज में अब अपनत्व की भावना को जागृत करने की आवश्यकता है। सामाजिक सद्भाव के माध्यम से ही समाज में परस्पर प्रेम और भाईचारे की भावना मजबूत की जा सकती है।
संस्थान के सभागार में आयोजित समारोह की अध्यक्षता इंजी. जंग बहादुर सिंह ने की। मुख्य अतिथि ने संस्थान की ओर से आयोजित कार्यक्रम की सराहना करते हुए सामाजिक एकता और सद्भाव को मजबूत करने पर जोर दिया।
इलाहाबाद विश्वविद्यालय के संस्कृत विभाग के पूर्व अध्यक्ष एवं संस्थान के पूर्व अध्यक्ष प्रो. उमाकांत यादव ने कहा कि समाज में अच्छे संस्कार और सकारात्मक सोच विकसित करने की आवश्यकता है। इसके लिए सामाजिक संस्थाओं को आगे आना चाहिए। उन्होंने बताया कि श्रीकृष्ण की शिक्षाओं के प्रचार-प्रसार और इसी उद्देश्य की पूर्ति के लिए वर्ष 1986 में अखिल भारतीय श्रीकृष्ण चेतना संस्थान की स्थापना की गई थी। उन्होंने संस्थान के सदस्यों से श्रीकृष्ण के आदर्शों का अनुसरण करते हुए निरंतर अपने व्यक्तित्व के विकास का प्रयास करने का आह्वान किया।
राजकीय उच्च शिक्षा सेवा के सेवानिवृत्त प्राचार्य एवं उच्च शिक्षा निदेशालय के पूर्व सहायक निदेशक प्रो. सत्येंद्र कुमार सिंह ने समाज में ईमानदारी, निष्ठा और भाईचारे की भावना मजबूत करने पर जोर दिया। सेवानिवृत्त अपर आयुक्त आबकारी केशव सिंह यादव ने सामाजिक कुरीतियों के निराकरण के लिए युवाओं को आगे आने के लिए प्रेरित किया।
न्यायिक प्रशासन, उत्तर प्रदेश के ओएसडी नवनीत यादव ने सामाजिक कार्यों में बुद्धिजीवियों की सक्रिय भागीदारी की आवश्यकता बताई। समारोह को सेवानिवृत्त प्राचार्य एवं पूर्व महामंत्री प्रो. रामबली यादव, पूर्व महामंत्री इंजी. छबिनाथ सिंह, पूर्व महामंत्री डॉ. लालजी यादव, सेवानिवृत्त उपनिदेशक माध्यमिक शिक्षा आरसी यादव, संस्थान के पूर्व अध्यक्ष इंजी. आरएन यादव, इंजी. आरके सिंह और पूर्व सूचना अधिकारी जेएन यादव ने भी संबोधित किया।
कार्यक्रम का संचालन संस्थान के संगठन मंत्री एवं ओरिएंटल इंश्योरेंस के सेवानिवृत्त प्रबंधक जीत लाल यादव ने किया। अतिथियों का स्वागत संस्थान के महामंत्री रामकुमार यादव और धन्यवाद ज्ञापन कोषाध्यक्ष डॉ. धर्मराज यादव ने किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल