भारत सदैव विश्व बंधुत्व और विश्व कल्याण की भावना से करता रहा कार्य : प्रांत प्रचारक
--प्रयागराज में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का भव्य पथ संचलन, नागरिकों ने की पुष्प वर्षा
प्रयागराज, 05 अप्रैल (हि.स.)। भारत सदैव विश्व बंधुत्व और विश्व कल्याण की भावना से कार्य करता रहा है। भारत ज्ञान, विज्ञान, गणित और खगोल विज्ञान का प्राचीन केंद्र रहा है और विश्व गुरु के रूप में उसकी पहचान रही है। उक्त विचार रविवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रयागराज दक्षिण भाग के स्वयं सेवकों के पथ संचलन कार्यक्रम से पूर्व सिविल लाइन स्थित एंग्लो बंगाली इंटर कालेज परिसर में स्वयं सेवकों को सम्बोधित करते हुए काशी प्रांत के प्रांत प्रचारक रमेश ने व्यक्त किया।
उन्होंने बताया कि संघ का उद्देश्य समाज को संगठित कर राष्ट्र को परम वैभव तक पहुंचाना है। पथ संचलन संघ की अनुशासन, एकता और संगठित शक्ति का प्रकटीकरण है तथा इससे समाज में आत्मविश्वास और संगठन की भावना मजबूत होती है। उन्होंने भारतीय नववर्ष और नवरात्रि के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्हाेंने आगे कहा कि आज आवश्यकता है कि हम अपने इतिहास, संस्कृति और परम्पराओं पर गर्व करते हुए संगठित होकर राष्ट्र निर्माण में योगदान दें।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रयागराज दक्षिण भाग द्वारा नववर्ष एवं शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में रविवार को हनुमान नगर स्थित एंग्लो बंगाली इंटर कॉलेज से भव्य पथ संचलन निकाला गया। इस दौरान शहर के विभिन्न स्थानों पर नागरिकों ने स्वयंसेवकों पर पुष्प वर्षा कर उनका स्वागत किया। पूरे मार्ग में अनुशासन और देशभक्ति का वातावरण देखने को मिला।
पथ संचलन का शुभारम्भ एंग्लो बंगाली इंटर कॉलेज से हुआ, जो जानेसनगंज चौराहा, बड़ी स्टेशन, थाना शाहगंज, नखास कोना, चौक, कोठा पर्चा, चंद्रलोक, हीवेट रोड होते हुए पुनः जानसेनगंज चौराहा से एंग्लो बंगाली इंटर कॉलेज पहुंचकर सम्पन्न हुआ। इस दौरान स्वयंसेवक पूर्ण गणवेश में कदमताल करते हुए चल रहे थे, जिसे देखने के लिए जगह-जगह लोगों की भीड़ लगी रही।
कार्यक्रम में संजीव (सह प्रान्त शा. शि. प्रमुख), घनश्याम (सह प्रान्त सम्पर्क प्रमुख), शिवकुमार (प्रान्तकार्य. सदस्य), सुबन्धु (विभाग प्रचारक), संजय (विभाग कार्यवाह), आशीष मोहन (सह विभाग कार्यवाह), शिवप्रकाश (विभाग शा. शि. प्रमुख), वीर कृष्ण(विभाग सेवा प्रमुख), वसु (विभाग प्रचार प्रमुख), अवधेश (विभाग घोष प्रमुख), नरेन्द्र (विभाग कु प्र. संयोजक), बालकृष्ण (विभाग कु. प्रबो. प्रमुख) विभाग समाजिक सद्भाव प्रमुख मोहनजी टंडन, भाग कार्यवाह मनोज , सह भाग कार्यवाह विरेन्द्र भाग प्रचारक, देवदत्त ज और लगभग दो हजार की संख्या में स्वयंसेवक उपस्थित थे। इस भव्य पथ संचलन और नागरिकों के स्नेहपूर्ण स्वागत ने प्रयागराज में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रति गहरा सम्मान और जुड़ाव प्रदर्शित किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल